शिवमंगल सिंह के लिए CM मोहन यादव ने मांगे वोट, कहा- श्योपुर का नाम बदलकर कर देंगे शिवपुरी
MP News: भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी शिवमंगल सिंह तोमर के समर्थन में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव मुरैना जिले के श्योपुर पहुंचे। यहां प्रेमसर में आयोजित जनसभा में सीएम यादव ने मंच से शिवमंगल सिंह के लिए वोट मांगे। इस दौरान उन्होंने श्योपुर जिले का नाम बदलकर शिवपुरी रखने की बात भी कही।
श्योपुर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम मोहन यादव ने कहा, पहले श्योपुर का नाम भगवान शिव के नाम पर था लेकिन साधारण बोलचाल की भाषा में धीरे-धीरे शिवपुर से श्योपुर हो गया। आप चाहेंगे तो श्योपुर का नाम बदलकर शिवपुर कर देंगे। उन्होंने कहा कि उज्जैन महाकाल की नगरी है इसी तरह श्योपुर भी शिव की नगरी होनी चाहिए।

इस दौरान सीएम यादव ने मंच से बोलते हुए कहा कि भाजपा में एक ही परिवार के लोग मंत्री, विधायक, सांसद नहीं बनते हैं, बल्कि सामान्य कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री बनने का अवसर मिलता है। इतना ही नहीं, सीएम यादव ने कहा कि भाजपा वो पार्टी है, जिसे जॉइन करने के लिए भी जनता का स्नेह प्राप्त हो जाता है।
सीएम यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आतंक के खिलाफ बुलंद आवाज़ ने 2014 में प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनाई थी। भारत की सुरक्षा की अक्षुण्णता हेतु मुरैना ने एक बार फिर अपने अमूल्य वोट से फिर एक बार मोदी सरकार बनाने का निर्णय कर लिया है।
वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी कहते हैं कि भाजपा सरकार में एक रुपये में से 85 पैसे भ्रष्टाचार में चले जाते हैं और 15 पैसे जनता तक पहुंचते हैं। मैं पूछना चाहता हूं कि, आपको किसान सम्मान निधि का पूरा पैसा मिल रहा है। लाड़ली बहनों को 1250 रुपये मिल रहे हैं कि नहीं।
भाजपा द्वारा अच्छे काम करने से कांग्रेस के पेट में दर्द हो रहा है। इस दौरान मंच पर कांग्रेस के रामनिवास रावत, कांग्रेस की मुरैना महापौर शारदा सोलंकी के अलावा कांग्रेस और आम आदमी के पार्षदों भाजपा में शामिल हुए।












Click it and Unblock the Notifications