MP Assembly Election 2023: चुनाव मैदान में 'हाथी' भी दिखाएगा अपनी ताकत, दूसरे पखवाड़े में बसपा की दूसरी लिस्ट
MP Assembly Election 2023: .मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव संग्राम के मैदान में इस बार 'हाथी' यानि मायावती की पार्टी बसपा भी जोश से लबरेज हैं। चुनाव नतीजों में करिश्मा करने के मूड में बसपा प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करने में सबसे आगे रही। अब खबर है कि दूसरी लिस्ट सितंबर में जारी हो सकती हैं।
इसके लिए 6 सितंबर को राजधानी भोपाल में पार्टी के प्रदेश कार्यालय में बड़ी बैठक हैं। जिसमें प्रदेश प्रभारी रामजी गौतम समेत कई बड़े पदाधिकारी कैंडिडेट्स की सेकंड लिस्ट के नामों पर मंथन करेंगे। मायावती द्वारा तय क्राइटेरिया के मुताबिक फिट बैठने वाले चेहरों को टिकट देने की योजना हैं।
जानकारी के मुताबिक सितंबर के दूसरे सप्ताह में बहुजन समाज पार्टी पचास से ज्यादा सीटों पर प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर सकती हैं। इस बार के दिलचस्प चुनाव में बसपा को भरोसा है कि उसके उमीदवार बड़ी कामयाबी हासिल करेंगे। सियासी मायनों में गेम चेंजर की भूमिका के रूप में भी साबित हो सकते हैं। पुराने आंकड़ों पर यदि गौर करें तो प्रदेश की 230 सीटों के लिहाज से बसपा का बीजेपी या कांग्रेस की सत्ता पलटने में उतना जनाधार नहीं रहा, जिससे दोनों प्रमुख पार्टी को कोई फर्क पड़ा हो।

फिर भी इस बार शुरुआती तैयारियों में एमपी के चुनाव को लेकर बसपा सुप्रीमों के तेवर दिख रहे है, उससे पार्टी वोट बैंक में इजाफा करने के प्रति आश्वस्त हैं। प्रदेश भर में अब तक इस दल का 5 से 8 फीसदी तक वोट शेयर रहा। बसपा के अलावा समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी भी राज्य में अपनी जमीन मजबूत करने जोर-आजमाइश करते नजर आएगी। आम आदमी पार्टी का नगरीय निकाय चुनाव में पहली बार के हिसाब से ठीक-ठाक प्रदर्शन रहा था। वहीं विंध्य-बुन्देलखण्ड में बसपा के विधायक प्रदेश में पार्टी का झंडा बुलंद करते रहे हैं। 2023 की चुनावी तासीर में ऊंट किस करवट बैठता है, यह देखना दिलचस्प होगा।












Click it and Unblock the Notifications