MP News: शुरू हो रही गेहूं की सरकारी खरीदी, उपार्जन केंद्र आने वाले किसान इस बात का रखें ध्यान
मध्यप्रदेश में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के आयुक्त कर्मवीर शर्मा द्वारा रबी उपार्जन के संबंध में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इंदौर संभाग की समीक्षा बैठक ली गई।
बैठक में आयुक्त शर्मा ने इंदौर संभाग के सभी अधिकारियों से रबी उपार्जन की समीक्षा बैठक में किसान पंजीयन, पंजीयन केन्द्रों की स्थापना, पंजीकृत किसानों का सत्यापन, गेंहू की गिरदावरी, उपार्जन केन्द्रों पर उपलब्ध सुविधाएं, रबी उपार्जन में गुणवत्ता नियंत्रण, भंडारण व्यवस्था, पात्र हितग्राहियों की ई-केवायसी, गेंहू रकबा एवं उत्पादन, चना रकबा एवं उत्पादन आदि विषयों पर चर्चा की है।

उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि, वे गेहूं की खरीदी के लिए पंजीयन की व्यवस्था को सहज और सुगम बनायें। किसानों को किसी तरह की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। सभी किसानों को निःशुल्क पंजीयन की सुविधा प्रत्येक ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत, तहसील कार्यालयों, सहकारी समितियों, सहकारी विपणन संस्थाओं द्वारा संचालित पंजीयन केन्द्र और एमपी किसान एप पर शत प्रतिशत उपलब्ध करायी जाये। पंजीकृत किसानों का सत्यापन एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार द्वारा किया जाएगा। सत्यापन उपरांत ही स्लॉट बुकिंग की जा सकेंगी।
फसल उपार्जन केन्द्रों पर हाईस्पीड इंटरनेट कनेक्शन, कम्प्यूटर, प्रिंटर के अलावा टेबल, कुर्सी, पेयजल आदि मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो। जो किसान सहकारी समितियों एवं सहकारी विपणन द्वारा संचालित पंजीयन केन्द्र पर रबी की फसलें समर्थन मूल्य पर विक्रय करना चाहते हैं वे अपना पंजीयन ऑनलाइन कियोस्क पर करेंगे। समर्थन मूल्य पर गेंहू बेचने के लिये पंजीयन जरूरी है।पंजीयन के लिये किसानों को आवश्यक दस्तावेज साथ ले जाना होंगे।
बैठक में बताया गया कि, इस वर्ष 19 फरवरी तक 30 हजार 968 किसानों ने पंजीयन कराया है, जिसमें से 17 हजार 298 किसान केवल इंदौर जिले के हैं। इसके बाद धार, खंडवा, झाबुआ जिले के हैं। इस वर्ष इंदौर संभाग का किसान पंजीकृत रकबा 84 हजार 791 हेक्टेयर है, जिसमें से इंदौर जिले का रकबा 47 हजार 901 हेक्टेयर है।
इस वर्ष किसानों से गेंहू खरीदी का लक्ष्य 3 लाख टन से अधिक का रखा गया है, जो पिछले वर्ष से अधिक है। पिछले वर्ष 2 लाख 66 हजार टन गेंहू खरीदा गया था, जबकि चना 10 हजार टन खरीदा गया था। गेंहू की सबसे अधिक खरीदी इंदौर और धार के केन्द्रों पर होती है, जबकि चने की खरीदी खंडवा और खरगोन में होती है। बैठक में अधिकारियों ने भी अपने महत्वपूर्ण सुझाव रखें।
ये भी पढ़े- MP News: जल्द बनवाएं फार्मर आईडी, वरना नहीं मिलेगा इस सरकारी योजना का लाभ












Click it and Unblock the Notifications