सबको पता है श्रीराम कहां पैदा हुए, लेकिन कांग्रेस को नहीं मालूम, अब जनता बताएगी: CM मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने विदिशा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के समर्थन में जिला रायसेन के बेगमगंज में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सबको पता है कि भगवान श्रीराम कहां पैदा हुए थे, लेकिन कांग्रेस को नहीं मालूम है। अब तो देश की जनता ही बताएगी कि जिनको श्रीराम के जन्म स्थान का नहीं पता वे कैसे इस देश में रहने के लायक हैं।
कांग्रेस 70 साल तक इस देश पर राज करती रही, लेकिन श्रीराम मंदिर को लेकर कोई पहल नहीं की। हमेशा से मंदिर निर्माण में अड़ंगा लगाया, अब तो जनता ही इन्हें सबक सिखाएगी। जनसभा को संबोधित किया।

पूर्व मुख्यमंत्री और विदिशा लोकसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जितने विकास के काम किए हैं, उतने कांग्रेस ने कभी नहीं किए। आज कांग्रेस के उल्टे फैसलों के कारण उसकी हालत ऐसी हो गई है कि इंदौर के लोकसभा प्रत्याशी भी कांग्रेस का दामन छोड़कर भाजपा में आ गए हैं। कांग्रेस में अब कोई दम नहीं बचा है। कांग्रेस अब किसी काम की नहीं रही है।
मोदीजी जो बोलते हैं वो करके भी दिखाते हैं
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो बोलते हैं वह करके भी दिखाते हैं। देश में ऐसा पहली बार हुआ है कि देश के प्रधानमंत्री ने जो बोला वह करके भी दिखाया। हम सबने देखा पाकिस्तान ने जब हमारे सैनिकों के उपर रात में हमला किया। उसके बाद डंके की चोट पर पाकिस्तान को घर में घुसकर एक नहीं दो-दो बार मार कर दिखाया। यह काम सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही कर सकते थे। कांग्रेस वर्षों तक श्रीराम मंदिर के निर्माण में अड़ंगे लगाती रही, लेकिन मोदीजी ने वादा किया था और आज अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर निर्माण चल रहा है। अब भगवान श्रीराम अयोध्या में मुस्कुरा रहे हैं। बनारस में भी बाबा विश्वनाथ और उज्जैन में बाबा महाकाल लोक का भी आनंद आया। अब बारी मथुरा में श्रीकृष्ण की है।

इस बार का वोट मथुरा के लिए पड़ना चाहिए
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि हमने पहला वोट 2014 में देश की सुरक्षा के लिए दिया था। 2014 से पहले देश में कहीं भी और कभी भी आतंक हमले हो जाते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं होता है। दूसरी बार के वोट से 5 साल से भी कम समय में कश्मीर से धारा 370 हटी। धारा 370 के कारण 40 हजार निरपराध लोग मारे गए और 30 हजार महिलाओं के मंगलसूत्र लूटे गए। यह सारा पाप कांग्रेस के माथे पर है। इस बार तीसरा वोट देश के मान-सम्मान, उन्नति, प्रगति के साथ मथुरा के लिए पड़ना चाहिए। 2029 का चुनाव आते-आते मथुरा धाम भी जगमगाएगा।
विदिशा सीट से चुनाव लड़ना सौभाग्य की बात
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि विदिशा सीट से चुनाव लड़ना सौभाग्य की बात है। यह सीट हमेशा से महत्वपूर्ण रही है। यहां से पूर्व प्रधानमंत्री स्व अटल बिहारी वाजपेई, स्व सुषमा स्वराज, रामनाथ गोयनका और शिवराज सिंह चौहान जी खुद भी चुनाव लड़ चुके हैं।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि आज एक ऐसा व्यक्ति है जिनका खुद का कोई मकान नहीं है, लेकिन वह देश के 142 करोड़ लोगों के जीवन का भला करने के लिए जी रहे हैं और दुनिया में मानवता की स्थापना करने के लिए कार्य कर रहे हैं, लेकिन उन्हें घमंडिया गठबंधन दिन-रात गाली बक रहा है। कांग्रेस भी उन्हें कोस रही है, लेकिन किसी ने सही कहा कि जिसकी बुद्धि चली जाती है वह वास्तव में नेतृत्व करने लायक नहीं बचता। विपक्षी लोग कैसे एक के बाद एक माहौल बना रहे हैं हमने तो कभी सोचा ही नहीं था। आज कांग्रेस और उसके घमंडिया गठबंधन की भी स्थिति ऐसी है।












Click it and Unblock the Notifications