MP News: ओंकारेश्वर में बनेगा ममलेश्वर लोक, वन-वे रूट से दर्शन करेंगे श्रद्धालु
मध्यप्रदेश के उज्जैन में आगामी सिंहस्थ को ध्यान में रखते हुए संभागायुक्त दीपक सिंह ने ओंकारेश्वर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों की बैठक ली।
उन्होंने बैठक में बताया कि, आगामी सिंहस्थ को देखते हुए ओंकारेश्वर हेतु विभिन्न निर्माण कार्य स्वीकृत हो गए हैं, जिसमें पुल, पुलिया, घाटों का निर्माण एवं परिक्रमा पथ का निर्माण कार्य शामिल हैं।

ओंकारेश्वर में ममलेश्वर लोक का निर्माण किया जायेगा
संभागायुक्त सिंह ने बताया कि, ओंकारेश्वर में ममलेश्वर लोक का निर्माण किया जायेगा। उन्होंने इसके आसपास हो रहे अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि, ओंकारेश्वर मंदिर एवं ममलेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए आ रहे श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए होल्डिंग एरिया भी बनाया जायेगा।
बैठक में बताया गया कि, 31 मार्च से नाव में डीजल इंजन एवं शहर में प्लास्टिक का उपयोग प्रतिबंधित किया जायेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिये दर्शन हेतू वन-वे रूट बनाया जायेगा, जो पुराने बस स्टैण्ड से प्रारंभ होगा। बैठक में ओंकारेश्वर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिये जरूरी सुविधाएं एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये।
इसके लिये ग्राम पंचायत कोठी, बिल्लौरा, मोरटक्का, थापना एवं आसपास की पंचायतों से प्रोपर्टी टैक्स वसूल करने के भी निर्देश दिए गये। इसके अलावा संभागायुक्त सिंह ने ओंकारेश्वर में परिक्रमा पथ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिक्रमा पथ पर हो रहे अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए, जिससे परिक्रमा पथ का विस्तार किया जा सके।
बैठक में कलेक्टर खण्डवा ऋषव गुप्ता, अपर कलेक्टर अरविंद चौहान, जिला पंचायत के सीईओ डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहरी महेन्द्र तारणेकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण मौजूद थे।
विकास के होंगे कई काम
मध्यप्रदेश के खंडवा में सांसद ज्ञानेश्वर पाटील की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सांसद पाटिल ने आगामी सिंहस्थ को ध्यान में रखते हुए ओंकारेश्वर में दर्शन व्यवस्था एवं पार्किंग व्यवस्था की जानकारी ली।
बैठक में कलेक्टर गुप्ता ने बताया कि, ममलेश्वर मंदिर के आसपास हो रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए एसडीएम पुनासा को निर्देश दिए हैं।उन्होंने बताया कि परिक्रमा पथ के विकास के लिए लगभग 14 करोड़ रूपये राशि की स्वीकृत आ गई है। आगामी दिनों में परिक्रमा पथ का कार्य प्रारम्भ हो जायेगा।
उन्होंने एसडीएम पुनासा को निर्देश दिए कि परिक्रमा पथ मार्ग के चौड़ीकरण के लिए मार्ग में हो रहे अवैध अतिक्रमण को हटाया जाएं। परिक्रमा पथ मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शेड का निर्माण कार्य भी कराया जायेगा। साथ ही शौचालय एवं पानी की व्यवस्था भी की जायेगी, जिससे श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो।
बैठक में कलेक्टर गुप्ता ने बताया कि, सिद्धवरकूट से कैलाश खो तक सस्पेन्शन ब्रिज पहुंच मार्ग का प्रोटेक्शन कार्य किया जायेगा। ओंकारेश्वर स्थित घाटों का उन्नयन एवं नवीनीकरण का कार्य भी किया जायेगा। इसके अलावा कोटितीर्थ घाट, संगम घाट नवीनीकरण तथा खेड़ीघाट एवं मोरटक्का में नवीन घाट का कार्य भी किया जायेगा, जिससे श्रद्धालुओं को स्नान करने में कोई परेशानी न हो।
ये भी पढ़े- Mahashivratri 2025: महाकाल मंदिर की दर्शन व्यवस्था में बदलाव, अब कैसे होगी एंट्री, जानिए












Click it and Unblock the Notifications