पुलिस थाने में प्रेमी-प्रेमिका बन पहुंचा यह जोड़ा पति-पत्नी बनकर लौटा, शादी करवाकर टीआई ने दिया आशीर्वाद
सिवनी। दोनों एक दूसरे से बेइंतहा मोहब्बत करते थे। शादी करना चाहते थे, मगर लड़की के परिजनों को रिश्ता नामंजूर था। उन्होंने प्रेमी की पुलिस थाने में शिकायत कर दी। पूछताछ के लिए प्रेमी व प्रेमिका को थाने बुलाया गया और फिर यहीं से इस पूरी लव स्टोरी में ऐसा क्लाइमेक्स आ गया जिसकी किसी ने कल्पना तक भी नहीं की थी।

युवक व युवती के बीच प्रेम संबंधों को देखते हुए पुलिस वालों ने ही उनकी शादी करवा दी। पुलिस थाना परिसर ही उनकी शादी का मंडप बन गया। खुद टीआई ने नवदम्पति को आशीर्वाद दिया।
सिवनी की है अजब प्रेम की यह गजब कहानी
दरअसल, मध्य प्रदेश के सिवनी जिले की केवलारी तहसील के गांव ग्वारी निवासी अरविंद कुमरे और सिवनी निवासी राजकुमारी मर्सकोले के बीच काफी लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन लड़की के परिवार वाले इस रिश्ते के लिए तैयार नही थे।

लड़की के पिता ने थाने पहुंचकर ग्वारी निवासी अरविंद कुमरे के खिलाफ शिकायत की। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि उसकी बेटी को अरविंद बहुत दिनों से परेशान कर रहा है। उस शिकायत को तत्काल संज्ञान में लेते हुए टीआई केके अवस्थी ने युवक को तत्काल थाने में बुलाकर पूछताछ की तो अनिल ने राजकुमारी से प्रेम संबंध होने की बात बताई।
थाना प्रभारी की समझाइश पर माने परिजन
जिस पर टीआई अवस्थी ने लड़की से भी पूछताछ की। उसने भी प्रेम संबंध की बात स्वीकारते हुए शादी करने की इच्छा जाहिर की। इसके बाद थाना प्रभारी ने युवक और युवती के परिजनों से बात कर दोनों के विवाह के लिए राजी किया। थाना प्रभारी की समझाईश के बाद दोनों के परिजन सहमत हो गए। लड़की की मांग भरवाकर एवं मंगलसूत्र पहनावकर पंडित के मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया। इस शादी के खुद थाना प्रभारी अपने स्टाफ के साथ साक्षी बने और जोड़े को आशीर्वाद दिया।












Click it and Unblock the Notifications