'ईमानदार अफसर' के घर पुलिस ने मारा छापा, मिली 20 करोड़ की संपत्ति, 3 किलो सोना
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार को राज्य सरकार के एक बड़े अधिकारी और एक रिटायर्ड अधिकारी के घर छापा मारा। छापे में जो संपत्ति मिली उसे देखकर एक बार लोकायुक्त पुलिस भी हैरान रह गई। मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस को छापे में करीब 20 करोड़ की संपत्ति के कागजात, बैंक लॉकर से 3 किलो सोना, 5 लाख नकद और विदेशी मुद्राएं मिलीं।

दो घरों पर पुलिस ने मारा छापा
मंगलवार को मध्य प्रदेश प्रशासनिक सेवा के ईमानदार अफसर में गिने जाने वाले अधिकारी और अपर कलेक्ट पद से रिटायर्ड हुए, आनंद जैन के दो घरों पर एक साथ लोकायुक्त पुलिस की टीम ने छापा मारा। पुलिस ने आनंद जैन के घर से 15 करोड़ की जमीन, 5 मकान, 22 बैंक खाते और बैंक में 16 फिक्स डिपॉजिट और 3 बैंक लॉकर के कागज बरामद किए।

बैंक लॉकर से मिला 3 किलो सोना
पुलिस ने जब बैंक जाकर आनंद जैन के लॉकर की छानबीन की तो पुलिस को वहां से 3 किलो सोना, 5 लाख नकद रुपये बरामद किए। पुलिस ने इसके साथ आनंद जैन की बेटी के लॉकर की भी जांच की जहां से पुलिस को सोने की बिस्किट और विदेशी मुद्राएं मिलीं। लोकायुक्त पुलिस अब जांच में जुट गई है कि इसमें कितनी कमाई कालेधन की है।

'मैं ईमानदार अफसर'
वहीं लोकायुक्त पुलिस के छापे के बाद आनंद जैन काफी दुखी नजर आए। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मैं हमेशा से एक ईमानदार अधिकारी रहा हूं। जिसने भी मेरी शिकायत करके मेरे घर पर छापा पड़वाया है भगवान उसे जरूर सजा देंगे।












Click it and Unblock the Notifications