Kaun Banega Crorepati की हॉट सीट पर सागर के भूपेंद्र, बिगबी को एरण और डोहेला के बारे में बताया
Kaun Banega Crorepati Season 14 (KBC) में अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर सागर के भूपेंद्र ने पहुंचकर इतिहास बना दिया। सागर मूल से अब तक कोई इस हॉट सीट पर नहीं बैठ पाया था। भूपेंद्र बीते एक हफ्ते से मुंबई में थे और केबीसी के कॉप्टीशन की एक-एक सीढ़ी चढ़कर मंगलवार को आखिरकार उनका सपना पूरा हो गया। उनके एपिसोड की रिकॉर्डिंग पूरी हो गई है। भूपेंद्र के अनुसार इसका प्रसारण आगामी 10 नवंबर को सोनी टीवी पर किया जाएगा। भूपेंद्र के अनुसार वे जब करीब 10 साल के थे, उस समय से केबीसी देखते आ रहे हैं, आज उनकी ख्वाहिश ईश्वर ने पूरी कर दी।

फिल्मजगत और सदी के महानायक कहलाने वाले अमिताभ बच्चन के सोनी टीवी पर प्रसारित होने वाले चर्चित टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति में पहली दफा सागर जिले का कोई मूल निवासी पहुंच पाया है। खुरई तहसील के खेजरा इज्जत गांव के भूपेंद्र चौधरी हॉट सीट पर पहुंचने में सफल रहे हैं। सोमवार शाम तक रिकॉर्ड हुए केबीसी के बाद वे उम्मीद छोड़ चुके थे। मंगलवार को उनकी किस्मत ने साथ दिया और वे हॉट सीट पर पहुंच गए। महानायक अमिताभ बच्चन ने खनकती आवाज उनका हॉट सीट पर स्वागत किया। भूपेंद्र के अनुसार शो का प्रसारण आगामी 10 नवंबर शाम को तय समय पर सोनी टीवी पर प्रसारित होगा। भूपेंद्र ने शो से जुड़ी बातें, शो में पूछे गए सवालों को लेकर कहा कि शो का नियम है, हम शो प्रसारित होने के पहले कोई जानकारी नहीं दे सकते। इस संबंध में शो व सोनी टीवी के सख्त नियम है। हमें निर्देश दिए जाते हैं कि प्रसारण के पहले हम कोई जानकारी नहीं दे सकते।

भूपेंद्र चौधरी सागर जिले के खुरई क्षेत्र के मूल निवासी और वर्तमान में गुजरात के दाहोद में कृषि विभाग में कार्यरत हैं। मूलतः ग्राम खेजरा इज्जत निवासी भूपेंद्र बताते हैं कि 20 वर्षों से वे केबिसी में बिगबी के सामने पहुंचने का सपना देख रहे थे जो अब पूरा हुआ। भूपेंद्र ने कार्यक्रम के लिए काफी तैयारी कि थी। अंतिम 10 प्रतिभागयों के रूप मे चयन के बाद हॉट सीट पर पहुंचने के लिए भूपेंद्र को तीन दिन इन्तजार करना पड़ा। भूपेंद्र बताते हैं कि जब वे लगभग नाउम्मीद हो चुके थे, तब अंतिम दौर में किस्मत ने साथ दिया।
अमिताभ बच्चन को खुरई के डोहेला और बीना के एरण के बारे में बताया
भूपेंद्र बताते हैं की शो में मांगी जानकारी में उन्होंने अपना परिचय खुरई निवासी के रूप में दिया था। जब बिगबी ने उनसे क्षेत्र के बारे में पूछा तो उन्हें बीना के ऐतिहासिक एरण और खुरई के डोहेला किला आदि के बारे में जानकारी दी थी। भूपेंद्र दाहोद में कृषि विभाग में कार्यरत हैं, जहां छोटे और आदिवासी किसानों को कम क्षेत्रफल में अच्छी उपज कैसे ली जा सकती है, इसके बारे में प्रशिक्षण देते हैं। शो में बिगबी के पूछने पर भूपेंद्र ने खुरई क्षेत्र के अपने मित्रों मनोज चौबे, कृष्णकान्त तिवारी आदि के नामों का भी उल्लेख किया। बहरहाल कौन बनेगा करोड़पति में यह पहली बार होगा कि जब हॉट सीट पर सागर जिले का कोई मूल निवासी बिगबी के सवालों के जवाब देते नजर आएगा।












Click it and Unblock the Notifications