एमपी- तंबाकू लाने से किया मना तो नाना ने 8 साल की नातिन को कुल्हाड़ी से काटा
गुना में एक शख्स ने तंबाकू नहीं लाने पर नातिन की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी
गुना, 1 अक्टूबर। गुना से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक नाना ने अपनी 8 साल की नातिन को कुल्हाड़ी से काट दिया। नातिन का कसूर सिर्फ इतना था कि नाना ने अपनी नातिन से तंबाकू लाने के लिए कहा था और नातिन ने तंबाकू लाने से मना कर दिया। इस पर नाना इतना आक्रोशित हो गया कि उस पर खून सवार हो गया और उसने अपनी 8 साल की नातिन को कुल्हाड़ी से काट दिया।

फतेहगढ़ में बेटी की ससुराल पहुंचा था पिता
फतेहगढ़ में मुन्ना सहरिया की बेटी की ससुराल है। मुन्ना सहरिया अपनी बेटी की ससुराल में पहुंचा था। यहां मुन्ना सहरिया की बेटी के जेठ जेठानी भी उसके साथ रहते हैं। जेठ की 8 साल की लड़की को ही मुन्ना सहरिया ने मौत के घाट उतार दिया।
तंबाकू लाने से मना किया था नातिन ने
फतेहगढ़ पुलिस ने बताया कि मुन्ना सहरिया को तंबाकू खाने की तलब लगी। इसके लिए मुन्ना ने घर में मौजूद 8 साल की नातिन से तंबाकू लाने के लिए कहा लेकिन नातिन ने इस बात को अनसुना कर दिया। मुन्ना ने चार बार तंबाकू लाने के लिए नातिन से कहा लेकिन नातिन तंबाकू लेकर नहीं आई। इस बात को लेकर मुन्ना सहरिया आपे से बाहर हो गया और उसने घर में ही रखी कुल्हाड़ी से 8 साल की नातिन की गर्दन पर लगातार दो वार कर दिए।
गर्दन पर कुल्हाड़ी लगते ही हो गई नातिन की मौत
मुन्ना के हाथों से चली कुल्हाड़ी जब नातिन की गर्दन पर लगी तो मौके पर ही नातिन ने तड़प तड़प कर दम तोड़ दिया। इसके बाद आरोपी मुन्ना वहां से भाग निकला। हालांकि बाद में पुलिस ने आरोपी मुन्ना को गिरफ्तार कर लिया।
वारदात के वक्त घर के सदस्य गए थे मजदूरी करने
मुन्ना ने 8 साल की नातिन की जिस वक्त हत्या की, उस वक्त घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। घर के सभी सदस्य मजदूरी करने के लिए घर से बाहर गए थे और मुन्ना घर पर 8 साल की नातिन के साथ अकेला मौजूद था इसलिए मुन्ना ने नातिन पर कुल्हाड़ी से हमला किया तो मुन्ना को रोकने घर में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था और इसी वजह से 8 साल की मासूम की जान चली गई।












Click it and Unblock the Notifications