पत्नी और बेटी को चुनाव लड़ाने के लिए पानी की टंकी पर चढ़ गया बुजुर्ग
दतिया में अपनी पत्नी और बेटी को पार्षद का चुनाव लड़वाने के लिए पानी की टंकी पर चढ़ गया बुजुर्ग, तीन गंटे तक चला ड्रामा
दतिया, 13 जून। दतिया में एक बुजुर्ग अपनी पत्नी और बेटी को पार्षद का चुनाव लड़ाने के लिए पानी की टंकी पर चढ़ गया। 3 घंटे तक पानी की टंकी पर चढ़कर बुजुर्ग ने हाई वोल्टेज ड्रामा किया। बुजुर्ग नामांकन दाखिल करने के लिए बिजली विभाग का नोड्यूज मांग रहा था। नोड्यूज नहीं होने की वजह से वह अपनी पत्नी और अपनी बेटी का नामांकन दाखिल नहीं करवा पा रहा था।

सोमवार की सुबह 5 बजे महेश नाम का बुजुर्ग इंदरगढ़ कस्बे की पानी की टंकी पर चढ़ गया। सुबह सवेरे महेश पानी की टंकी पर चढ़कर हंगामा करने लगा। पानी की टंकी पर बुजुर्ग को खड़ा देखकर आसपास के लोग परेशान हो उठे। लोगों ने तुरंत इस बात की सूचना पुलिस को दी। खबर मिलते ही पुलिस भी पानी की टंकी के नीचे पहुंच गई।

महेश नाम के बुजुर्ग से जब स्थानीय लोगों ने और पुलिस ने पानी की टंकी पर चढ़ने का कारण पूछा तो महेश ने पर्ची नीचे फेंक कर पर्ची के माध्यम से पुलिस को अपनी समस्या बताई।
बिजली विभाग का नोड्यूज नहीं मिलने से परेशान था महेश
महेश ने पर्ची के माध्यम से अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि वह अपनी पत्नी और बेटी को पार्षद का चुनाव लड़वाना चाहता है लेकिन कई बार बिजली विभाग के चक्कर लगाने के बावजूद उसे बिजली विभाग से नोड्यूज नहीं मिल पा रहा है। इस वजह से वह पत्नी और बेटी का नामांकन दाखिल नहीं कर पा रहा है।
इंदरगढ़ के वार्ड 13 और वार्ड 7 से लड़वाना चाहता है पत्नी और बेटी को चुनाव
महेश जाटव इंदरगढ़ नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 13 से अपनी बेटी और वार्ड क्रमांक 7 से अपनी पत्नी को चुनाव लड़वाना चाहता है। इसके लिए जरूरी दस्तावेज एकत्रित करने में महेश पिछले दिनों से जुटा हुआ था लेकिन विद्युत विभाग का नोड्यूज नहीं मिलने से महेश नामांकन दाखिल नहीं कर पा रहा था। इसी वजह से परेशान होकर महेश पानी की टंकी पर चढ़ गया।
निर्दलीय लड़वाना चाहता है पत्नी और बेटी को चुनाव
महेश जाटव का कहना है कि वह पार्टी से टिकट मांग रहा है ,लेकिन पार्टी से टिकट नहीं मिला तो वह अपनी पत्नी और बेटी को निर्दलीय चुनाव लड़वाएगा। महेश का यह भी दावा है कि जीत उसी की होगी।












Click it and Unblock the Notifications