चोर का इमोशनल लेटर वायरल, लिखा-'मैं चोरी ना करता तो दोस्त मर जाता, टेंशन ना लो पैसे आते ही लौटा दूंगा'
भिंड, 6 जुलाई। मध्य प्रदेश के भिंड शहर के भीम नगर में चोरी का एक अजीब मामला सामने आया है। चोर ने वारदात को अंजाम देने के बाद वहां पर एक इमोशनल लेटर को छोड़ दिया है। वो लेटर अब पुलिस से लेकर आमजन के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

एसएफ के सिपाही के घर हुई चोरी
दरअसल, भिंड सिटी कोतवाली थाना इलाके के भीम नगर में एसएफ के सिपाही के घर चोरी हो गई। पुलिस छानबीन में वहां पर एक लेटर पर मिला, जिस पर धूम 3 समेत कई बातें लिखी हुई हैं।
चोर ने ये लिखा लेटर में
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि लेटर में लिखा गया है कि ' जय हिंदी जय भारत... सॉरी दोस्त, मजबूरी थी। मैं यह नहीं करता तो मेरे दोस्त की जान चली जाती। टेंशन मत लो। मेरे पास पैसे आते ही मैं तुम्हारे घर पैसे फेंक जाउंगा। धूम 3... दिल से अच्छा हूं'

रिश्तेदार की शादी में गई थीं रीमा
बता दें कि भीम नगर निवासी रीमा मौर्य 29 जून को अपने किसी रिश्तेदार के यहां शादी में गई हुई थीं। वह 5 जुलाई को लौटकर वापस आई तो घर ताला टूटा हुआ मिला और अलमारी में से कुछ सोने चांदी के गहने भी गायब थे।

पुलिस ने दर्ज की शिकायत
इस बात की शिकायत पीड़िता ने मंगलवार को भिंड सिटी कोतवाली थाना पुलिस से की। रीमा मौर्य की मानें तो चोरी बड़ी नहीं हुई है, लेकिन वारदात को अंजाम देने वाले ने वहां एक लेटर छोड़ा है, जो चर्चा का विषय बना है।












Click it and Unblock the Notifications