Damoh Election Result 2021: दमोह विधानसभा उपचुनाव परिणाम- कांग्रेस के अजय टंडन 14013 वोटों से आगे
भोपाल। मध्य प्रदेश में दमोह विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव का परिणाम आज आ रहा है। उपचुनाव का पहला रुझान रविवार सुबह 9:30 बजे आया। शाम 5 बजे तक की काउंटिंग के अनुसार, कांग्रेस प्रत्याशी अजय टंडन 14013 वोटों की बढ़त बनाए हुए हैं। जबकि, सत्तारूढ़ भाजपा का प्रत्याशी हजारों वोटों से पीछे रह गया है। हार-जीत की स्थिति कुछ देर में पक्की हो जाएगी।
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट में बताया गया कि, विधानसभा उप निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक-55 दमोह की मतगणना रविवार को पॉलीटेक्निक कॉलेज में सुबह 8 बजे से शुरू हुई। सुबह 9 बजे तक मतगणना कॉलेज के कक्ष क्रमांक 7, 5 और 4 में की जा रही थी। तभी पता चला कि, कक्ष नंबर-3 में सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गणना पूरी हो चुकी थी और ईवीएम की काउंटिंग शुरू हो गई। जिसके रुझान 10 बजे आए।

बता दिया जाए कि, दमोह में दो महिलाओं समेत 22 प्रत्याशी मैदान में हैं।
सत्तारूढ़ बीजेपी की तरफ से इस विधानसभा सीट पर राहुल सिंह लोधी और कांग्रेस की तरफ से अजय टंडन को चुनाव लड़वाया गया है। दोनों ही प्रत्याशियों की साख दांव पर लगी है। दोनों ही जीत के लिए अपने-अपने दावे कर रहे हैं।

इस विधानसभा सीट पर 17 अप्रैल को हुए चुनाव में 59.81% मतदाताओं ने वोट डाले थे। कोरोना महामारी के दौर में हुए इस उपचुनाव में वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव के मुकाबले करीब 15% कम मतदान हुआ।












Click it and Unblock the Notifications