राम लक्ष्मण और माता जानकी को लगी सर्दी तो भक्तों ने पहनाए ऊनी वस्त्र, गजब है यहां भगवान और भक्तों का प्रेम
Burhanpur News: बुरहानपुर उपनगर लालबाग के चिंचाला में राम मंदिर में पुजारी ने भगवान को गर्म ऊनी कपड़ा पहनाया है। भगवान को गर्म कपड़े पहने देखकर भक्त भी खुश हैं।
Burhanpur News: मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में लगातार सर्दी का प्रकोप जारी है। पारा गिरने के कारण यहां लोग ठिठुरन भरी ठंड की मार झेल रहे हैं। सर्दी का असर सिर्फ इंसानों पर नहीं, भक्तों के अनुसार भगवान पर भी पड़ा है। भक्तों ने अपनी आस्था और प्रेम से भगवान को अब गर्म कपड़े पहना दिए है।
बुरहानपुर जिले के उपनगर लालबाग के चिंचाला वार्ड में भगवान श्रीराम का मंदिर है। यह मंदिर कई मायनों में विशेष है। यहां पर श्रद्धालु पिछले कई वर्षों से भगवान की हर सुविधा का ध्यान रखते हैं।

ठंड पडऩे पर भगवान श्री राम, लक्ष्मण, माता जानकी और भक्त हनुमानजी को गर्म कपड़े पहनाए जाते हैं। ठंड के पूरे मौसम में श्रद्धालु इस बात का खास ध्यान रखते हैं। गर्मी के मौसम में भगवान श्री राम, लक्ष्मण, माता जानकी और श्रद्धालु हनुमानजी को गर्मी से बचाने के लिए मंदिर में एसी चलाया जाता है।
पिछले कई साल से यह सिलसिला चल रहा है। साथ ही भगवान के लिए बिस्तर और आसान भी लगाया गया है। ताकि भगवान विश्राम भी कर सकें। भक्त पूरी लगन से श्री रामलला की देखभाल में जुटे रहते हैं।
चिंचाला श्रीराम मंदिर संस्थान के अध्यक्ष अमर यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि हम इंसानों को ठंड में गर्म कपड़ो की जरूरत पड़ती है। गर्मी में गर्मी से बचने के लिए कई जतन करते हैं। भगवान श्रीराम हम सबके पालनहार है। इसलिए हमारा भी कर्तव्य बनता है कि हम भगावान की सेवा करें। इसलिए मंदिर में भगवान श्रीराम के लिए सुविधाएं जुटाते हैं। हर साल ठंड में गर्म कपड़े पहनाए जाते हैं और गर्मी में मंदिर में एसी चलाकर ठंडक रखते हैं। यही नहीं हर दिन भगवान श्रीराम के आभूषण भी उतारे जाते हैं। ताकि भगवान रात में आराम कर सकें।












Click it and Unblock the Notifications