मध्य प्रदेश उपचुनाव: अपनी ही ससुराल में हार गए कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र सिंह यादव
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश में दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना जारी है। दोनों ही सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। लेकिन कोलारस विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र सिंह यादव अपनी ससुराल में हार गए हैं। तुड़ियावद गांव में भाजपा के देवेंद्र जैन ने महेंद्र सिंह यादव को 171 वोटों से हरा दिया। पांचवें दौर की मतगणना पूरा होने पर कोलारस में कांग्रेस ने 2,139 वोटों और मुंगावली में 2,038 वोटों की बढ़त बनाई हुई है।

आपको बता दें कि यह उपचुनाव राज्य में शिवराज बनाम सिंधिया बन गया है। राज्य के दोनों ही दिग्गज नेता की साख इस चुनाव में दांव पर लगी हुई है। शिवपुरी जिले की कोलारस विधानसभा सीट पर भाजपा ने देवेंद्र जैन के खिलाफ महेंद्र सिंह यादव को उतारा था। इस सीट के लिए शिवराज सिंह ने खुद कई सभाएं की थी। लेकिन इसके बावजूद शिवराज सिंह का जादू चलता नहीं दिख रहा है।
काउंटिग के दौरान एक दिलचस्प आंकड़ा ये निकलकर आया है कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने दोनों विधानसभाओं में जिन गावों में सबसे ज्यादा समय गुजारा और उनकी जो सभा सबसे ज्यादा चर्चा में रहीं, वहां भाजपा कांग्रेस से पिछड़ गई है। इसमें मुंगावली विधानसभा सीट का सेहराई गांव और कोलारस विधानसभा का रिजोदा गांव है।
अगर भाजपा इन दोनों सीटों पर चुनाव हार जाती है तो राजस्थान उपचुनावों के बाद एक बार फिर भाजपा को झटका लगेगा। आपको बता दें कि राजस्थान में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लोकसभा की दो सीटों अलवर और अजमेर और मांडलगढ़ की विधानसभा सीट पर जीत दर्ज की। पहले ये तीनों सीटों भाजपा के पास थीं।












Click it and Unblock the Notifications