CM शिवराज ने कमलनाथ पर साधा निशाना,बोले- आप वोटों की भूख में पागल हो गए, दंगे भड़काना चाहती है कांग्रेस
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व सीएम कमलनाथ को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि आप वोटों की भूख में पागल हो गए हैं। CM शिवराज ने कांग्रेस पर दंगे भड़काने की साजिश का आरोप लगाया है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व सीएम कमलनाथ पर अब तक का सबसे बड़ा जुबानी हमला बोला है। दरअसल सीएम शिवराज ने कांग्रेस पर दंगे भड़काने की साजिश का आरोप लगाया है। उन्होंने कमलनाथ के वीडियो को लेकर कहा कि आप वोटों की भूख में इतना पागल हो गए हैं कि एमपी को अशांति की खाई में झोंकना चाहते हैं।
इस पर पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा कि आपने मुझे पागल कहा है। पूरी दुनिया देख रही है कि मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री कैसी हरकतें कर रहा है। उसके भीतर की सारी सभ्यता मर्यादा और संस्कार समाप्त हो चुके है वे सड़क छाप गुंडों की भाषा बोल रहे हैं।
भाजपा का नाम लिए बगैर लगाया था ये आरोप
दरअसल 2 दिन पहले छिंदवाड़ा में रोजा इफ्तार के कार्यक्रम में शामिल हुए PCC चीफ कमलनाथ का एक वीडियो सामने आया था। जिसमें उन्होंने बीजेपी का बगैर नाम लिए कहा था कि कुछ लोग देश में दंगे-फसाद करवाना चाहते हैं। आप लोग छिंदवाड़ा संभालिए। मुझे पूरा प्रदेश संभालने दीजिए। कमलनाथ का ये वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी उन पर हमलावर है, इसी को लेकर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर दंगे भड़काने की साजिश का आरोप लगाया है।
वो चाहते हैं कि मध्य प्रदेश शांति का टापू ना रहे: CM
शुक्रवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भोपाल के स्मार्ट सिटी पार्क में पौधारोपण करने के बाद पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। बातचीत में उन्होंने कहा कि अपना मध्यप्रदेश शांति का टापू है। मध्य प्रदेश की जनता प्रेम स्नेह और सद्भाव के साथ रहती है। आपने देखा होगा कि रामनवमी हो या राम जी का जन्मदिन हो या हनुमान जयंती हो। पूरे प्रदेश में न केवल शांति बल्कि सद्भाव और सौहार्द के साथ त्योहार मनाए गए, लेकिन कांग्रेस को यह रास नहीं आ रहा। वो चाहते हैं कि मध्य प्रदेश शांति का टापू ना रहे। यहां दंगे फसाद हो।
मुसलमानों के पोलिंग बूथ पर 90% वोट क्यों नहीं डलते
सीएम शिवराज ने कमलनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि मुझे आश्चर्य होता है कि कांग्रेस के वयोवृद्ध नेता पूर्व मुख्यमंत्री जब वह 2018 के पहले सीएम नहीं थे। चुनाव के पहले तब भी वो ये कह रहे थे कि मुसलमानों के पोलिंग बूथ पर 90% वोट क्यों नहीं डलते? वो डलवाओ नहीं तो नुकसान हो जाएगा। उस समय का वीडियो दुनिया ने देखा वो केवल क्या वोट बैंक मानकर काम करते हैं? क्या वोट के लिए लोगों को भड़काया जाएगा ? धर्म और जातियों में। अभी परसों की घटना है। वह एक समुदाय से कह रहे थे कि देश प्रदेश में दंगे भड़क रहे हैं। कहां मध्यप्रदेश में दंगे भड़क रहे हैं ? मध्य प्रदेश में कहां अशांति है, लेकिन वोटों की भूख में आप इतने पागल हो गए हैं कि मध्य प्रदेश को आप अशांति और वैमनस्यता की खाई में झोंकना चाहते हैं।
गृह मंत्री मिश्रा ने भी साधा था निशाना
पूर्व सीएम कमलनाथ द्वारा रोजा इफ्तार के कार्यक्रम में देश में हो रहे दंगों को लेकर दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कमलनाथ जी रोजेदारों के बीच बैठकर राजनीति करना ठीक नहीं। मिश्रा ने कहा कि भय का वातावरण बनाना, भाईचारे के खिलाफ विष वमन करना कांग्रेस की परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि एक ही समय में पार्टी कार्यालय में हनुमान चालीसा का आयोजन और रोजा इफ्तार में जाकर सांप्रदायिकता का जहर उगलने का काम कांग्रेस ही कर सकती है।












Click it and Unblock the Notifications