MP News: किसानों के खाते में आएंगे इस योजना के पैसे, CM मोहन यादव देंगे सौगात
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा ग्वालियर-चंबल संभाग के सभी जिलों के किसानों को भी 10 फरवरी को "मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना" के तहत मौजूदा वित्तीय वर्ष की तीसरी किस्त का वितरण किया जायेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस दिन देवास जिले के सोनकक्ष में आयोजित होने जा रहे राज्य स्तरीय कार्यक्रम से सिंगल क्लिक के जरिए किसानों के खाते में तृतीय किस्त के रूप में 6 हजार रूपए की धनराशि अंतरित करेंगे।

राज्य शासन के राजस्व विभाग के प्रमुख सचिव विवेक कुमार पोरवाल ने 10 फरवरी को जिला व विकासखंड स्तर पर आयोजित होने जा रहे कार्यक्रम के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए हैं। संभाग आयुक्त मनोज खत्री ने संभाग के सभी जिला कलेक्टर को इस दिन जिला व विकासखंड स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इन कार्यक्रमों में सांसद व विधायकगणों सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बड़ी स्क्रीन के माध्यम से कार्यक्रम का प्रसारण कराने के लिये कहा है।
जिले की ग्राम पंचायतों में भी इस प्रकार की व्यवस्था करने के निर्देश उन्होंने दिए हैं। राज्य स्तर से जारी वेबकास्ट लिंक (https://webcast.gov.in/mp/cmevents) के माध्यम से इस कार्यक्रम को देख व सुन सकेंगे।
किसानों को सिखाई गईं उन्नत खेती की बारीकियां
ग्वालियर-चंबल संभाग के सभी जिलों से आए 40 प्रगतिशील किसानों को तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से उन्नत कृषि तकनीक और खेती की आय को दोगुनी करने की बारीकियाँ सिखाई गईं। प्रशिक्षण में विषय विशेषज्ञों के व्याख्यान के साथ-साथ कृषकों को फील्ड विजिट भी कराई गई। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम मेला रोड स्थित कृषि विज्ञान केन्द्र में इफको द्वारा आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रबंधक विपणन इफको भोपाल डॉ. ओम शरण तिवारी, भी शामिल हुए।
राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के निदेशक विस्तार डॉ. वाई पी सिंह ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में दोनों संभागों से आए किसानों को उन्नत कृषि तकनीक के बारे में उपयोगी जानकारी दी। साथ ही आह्वान किया कि परंपरागत एवं आधुनिक खेती में समन्वय बनाकर खेती को लाभ का धंधा बनाया जा सकता है।
वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं कृषि विज्ञान केन्द्र ग्वालियर के प्रमुख डॉ. एस एस कुशवाहा ने भी आधुनिक खेती की विधियां बताईं। उप संचालक कृषि श्री आर एस शाक्यवार ने किसानों को नैनो उर्वरकों के उपयोग की सलाह दी। डॉ. ओम शरण तिवारी ने नैनो उर्वरक के महत्व और उपयोग पर विस्तार से जानकारी प्रदान की। डॉ. एस एस कुशवाहा ने किसानों को खेती में आय दुगुनी करने के तरीकों के बारे में बताया।
ये भी पढ़े- OPINION: नर्मदापुरम का विकास पकड़ेगा रफ्तार, CM मोहन यादव का सपना होगा साकार












Click it and Unblock the Notifications