मध्य प्रदेश: ज्योतिरादित्य सिंधिया के हेलीकॉप्टर को बच्चों ने घेरा, सुरक्षा में चूक
ग्वालियर। मध्य प्रदेश में चुनाव प्रचार के लिए ग्वालिया के शिवपुरी पहुंचे ज्योतिरादित्य सिंधिया की सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया है। हवाईपट्टी पर खड़े सिंधिया के हेलिकॉप्टर को बच्चों ने घेर लिया। दरअसल जिला प्रशासन ने वहां कोई सुरक्षा इंतजाम नहीं किए थे। खेलते-खेलते बच्चे वहां पहुंच गए और हवाईपट्टी पर उनके हेलिकॉप्टर के आसपास खड़े हो गए। यही नहीं बच्चों के साथ ही कई बड़े भी वहां पहुंच गए और हेलिकॉप्टर के साथ सेल्फी लेने लगे।

बताया जाता है कि सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस के प्रत्याशी सिद्धार्थ लढ़ा के रोड शो में शामिल होने के लिए शिवपुरी पहुंचे थे। जब उनका हेलीकॉप्टर शिवपुरी में हवाई पट्टी पर उतरा तो वहां जिला प्रशासन की अनदेखी के चलते लोगों की भीड़ लग गई। प्रशासन की घोर लापरवाही का अनुमान इसी से लगाया जा सकता है कि कोई सुरक्षा कर्मी तक वहां मौजूद नहीं था। आखिरकार पायलट ने वहां जमा हुए बच्चों को खुद ही दूर भगाने की कोशिश की लेकिन बच्चे नहीं माने। वहीं इस घटना के बाद कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन की इस लापरवाही पर नाराजगी जाहिर की है और इसके लिए जिम्मेदार अफसरों पर कार्रवाई की मांग की है।

मध्य प्रदेश में चुनावों से पहले रैलियों तथा चुनावी प्रचार के लिए नेताओं का एक जगह से दूसरी जाना लगा हुआ है। इस श्रेणी में सबसे ज्यादा चर्चित नेताओं की श्रेणी में राहुल गांधी का नाम पहले स्थान पर आता है। दूसरे स्थान पर ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम चर्चित और व्यस्त नेताओं की श्रेणी में आता है। सिंधिया मध्य प्रदेश कांग्रेस का एक बड़ा नाम हैं। इसलिए सिंधिया की सुरक्षा में चूंक से कांग्रेस पार्टी गुस्से में है और भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साध रही है।












Click it and Unblock the Notifications