भोपाल-उज्जैन पैसेंजर ट्रेन में हुआ धमाका था आतंकी हमला, तीन संदिग्ध गिरफ्तार
मध्य प्रदेश के कानून व्यवस्था के आईजी मारकंड देवास्कर ने पुष्टि की है कि भोपाल-उज्जैन पैसेंजर ट्रेन में हुआ बम धमाका एक आतंकी हमला था। उन्होंने कहा है कि वह एक आईईडी धमाका था।
भोपाल। मध्य प्रदेश के शाजापुर में मंगलवार को भोपाल-उज्जैन पैसेंजर ट्रेन में धमाका हो गया था। इस मामले में मध्य प्रदेश के कानून व्यवस्था के आईजी मारकंड देवास्कर ने एक बड़ा खुलासा किया है। देवास्कर ने पुष्टि की है कि भोपाल-उज्जैन पैसेंजर ट्रेन में हुआ बम धमाका एक आतंकी हमला था। उन्होंने कहा है कि वह एक आईईडी धमाका था। इसके तहत पिररिया से तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है। आपको बता दें कि इस धमाके की वजह से कुछ यात्री घबराकर चलती ट्रेन से ही कूद गए थे। इस आतंकी हमले के तार लखनऊ के ठाकुरगंज में हुए हमले से भी जोड़े जा रहे हैं।

भोपाल-उज्जैन ट्रेन में हुए धमाके में कुल 9 लोग घायल हुए थे, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक गाड़ी संख्या 59320 भोपाल-उज्जैन पैसेंजर ट्रेन शाजापुर इलाके में जब्दी स्टेशन के पास पहुंची थी तभी अचानक उसमें धमाका हो गया। धमाका सुबह करीब 9:50 बजे हुआ। धमाके की वजह से कोच की छत और फर्श पर छेद हो गया। शुरुआती जांच में कोच से गन पाउडर जैसा कुछ बरामद हुआ था। ये भी पढ़ें- लखनऊ में ISIS का संदिग्ध बोला आत्मसमर्पण की बजाए शहादत दूंगा
मध्य प्रदेश के गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह ने घटना की जांच के आदेश दिए थे, जिसके बाद अब इसे आतंकी हमला करार दिया गया है। उन्होंने बताया कि हादसे में 9 लोग घायल हुए हैं। धमाके के बाद आग लगने से अफरातफरी मची और कुछ यात्री चलती ट्रेन से कूद गए। कुछ यात्रियों ने चेन खींचकर ट्रेन को रोका। धमाके में घायल हुए लोगों को कालापीपल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। रेलवे पुलिस की एसपी कृष्णा वेणी ने कहा कि शुरुआती जांच में शॉर्ट-सर्किट से आग लगने की बात सामने आ रही थी। कुछ लोगों ने दावा किया था कि यह धमाका एक सूटकेस में हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications