इंदौर में श्रीराम के जीवन पर आधारित पेटिंग प्रदर्शनी, कैलाश विजयवर्गीय भी हुए शामिल
अयोध्या नगरी में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का उत्साह पूरे देश में देखने को मिल रहा है। अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले भगवान श्रीराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को देखते हुए प्रदेशभर में अनेक आयोजन हो रहे हैं।
मध्य प्रदेश के इंदौर में एसोसिएशन ऑफ अनएडेड सीबीएसई स्कूल, नगर निगम और इंदौर सहोदय स्कूल की ओर से भगवान श्री राम के जीवन पर आधारित पेंटिंग प्रदर्शनी के जरिये गोल्डन बुक ऑफ रिकॉर्ड, एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड और वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराया है।

इस कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी शामिल हुए। उन्होंने शनिवार को प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि भगवान श्रीराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम देशवासियों के लिये महत्वपूर्ण क्षण है। समाज के सभी वर्गों को सद्भावना के साथ कार्यक्रम में शामिल होना चाहिये।
मंत्री श्री विजयवर्गीय ने इस मौके पर बच्चों को भजन सुनाया। इसके साथ ही उन्होंने नागरिकों से घरों के बाहर दीपक जलाकर दीपावली मनाने का आग्रह किया। इस मौके पर विधायक सर्वश्री रमेश मेंदोला, मधु वर्मा, श्रीमती मालिनी गौड़ और इंदौर महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव भी मौजूद थे।
बता दें कि इस प्रदर्शनी में इंदौर शहर के 160 स्कूलों के विद्यार्थियों ने पेंटिंग बनाई। इस प्रदर्शनी में 41 हजार 148 पेंटिंग को प्रदर्शित किया गया। ये सभी प्रदर्शनी भगवान श्रीराम के जीवन, रामायण और रामचरित मानस पर केन्द्रित थी। प्रदर्शनी में रामायण के सभी प्रसंगों को पेंटिंग के माध्यम से कागज पर उकेरा गया था। प्रदर्शनी में 2 हजार विद्यार्थियों और 500 शिक्षकों की सहभागिता रही।












Click it and Unblock the Notifications