अमित शाह ने बाबा साहेब का अपमान नहीं, देश और उनके अनुयायियों का अपमान किया: जीतू पटवारी
MP Politics News: मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आज देपालपुर, बड़नगर, बदनावर, और सरदारपुर विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेसजनों के साथ बैठक कर जय बापू-जय भीम-जय संविधान अभियान की तैयारियों की जानकारी दी।
इस दौरान पटवारी ने भाजपा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अमित शाह ने बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर का अपमान किया है, लेकिन यह सिर्फ उनका अपमान नहीं है, बल्कि पूरे देश के उस वर्ग का अपमान है जो अंबेडकर जी को भगवान मानते हैं और उन्हें पूजते हैं।

पटवारी ने कहा, "अमित शाह ने संसद के भीतर बाबा साहेब का अपमान किया और देश के उस वर्ग का अपमान किया, जो उन्हें श्रद्धा और सम्मान के साथ पूजते हैं। यह एक बहुत बड़ी गलती है, जिसकी किसी भी परिस्थिति में माफी नहीं दी जा सकती।"
जय बापू-जय भीम-जय संविधान अभियान
पटवारी ने 27 जनवरी को महूं, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जन्मस्थली पर होने वाले जय बापू-जय भीम-जय संविधान अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्घाटन आल इंडिया कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी, और सांसद श्रीमती प्रियंका गांधी की उपस्थिति में किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रदेश भर से करीब दो लाख से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता और अंबेडकर जी के अनुयायी शामिल होंगे, जो पूरे प्रदेश में इसे आगे बढ़ाएंगे।

पटवारी ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य संविधान और अंबेडकर जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है और भाजपा सरकार की संविधान और आरक्षण विरोधी सोच का विरोध करना है।
भाजपा सरकार पर आरोप
पटवारी ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर भी हमला किया और आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने विधानसभा चुनावों में जो वादे किए थे, वे सभी झूठे साबित हुए हैं। उन्होंने कहा, "मोहन यादव ने किसानों से जो वादे किए थे, वह आज तक पूरे नहीं हुए हैं। किसानों को खाद नहीं मिली, गेहूं के दाम नहीं बढ़ाए गए, और लहसुन महंगा होने पर उसे चाइना से मंगवाया गया।"
पटवारी ने यह भी कहा कि सरकार ने 33 विभागों की 73 योजनाएं बंद कर दीं, और यह कर्ज जो सरकार ले रही है, वह करप्शन में चला जाता है। उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि 5000 करोड़ से कम कर्ज लेना सरकार के लिए अपमान की बात है, और प्रदेश का कुल कर्ज 4 लाख करोड़ के पार हो चुका है।
क्या है आगे की रणनीति
पटवारी ने अपने प्रवास के दौरान कांग्रेसजनों से अपील की कि वे 27 जनवरी को महूं में आयोजित होने वाले इस अभियान में ज्यादा से ज्यादा संख्या में भाग लें और भाजपा सरकार की संविधान और आरक्षण विरोधी सोच के खिलाफ आवाज उठाएं।
इस मौके पर पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल, विधायक महेश परमार, प्रदेश सचिव तरुण बाहेती, पूर्व विधायक मुरली मोरवाल, और बड़ी संख्या में कांग्रेसजनों ने भाग लिया।












Click it and Unblock the Notifications