Chhatarpur News: छतरपुर एक्सीडेंट में श्रद्धालुओं की मौत का आंकड़ा बढ़कर हुआ 7, यूपी से जा रहे थे बागेश्वर धाम
Chhatarpur Accident News: छतरपुर में मंगलवार सुबह एक गंभीर सड़क हादसा हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं से भरा ऑटो ट्रक में जा घुसा। इस दुर्घटना में 7 लोगों की मौत हो गई और 6 लोग घायल हुए हैं। सभी घायल जिला अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें से 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें ग्वालियर रेफर किया जा रहा है।
यह हादसा कदारी के पास नेशनल हाईवे-39 पर सुबह करीब 5 बजे हुआ। मृतकों में बुजुर्ग और डेढ़ साल की बच्ची भी शामिल हैं।

सिविल लाइन थाना प्रभारी वाल्मिक चौबे ने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश के महोबा रेलवे स्टेशन से 13 श्रद्धालु एक ऑटो से बागेश्वर धाम जा रहे थे। ड्राइवर को अचानक झपकी आ गई, जिसके चलते ऑटो ट्रक से टकरा गया।
छतरपुर एसपी अगम जैन ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो लोगों की मौत अस्पताल में हुई। सभी श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के निवासी थे।
मासूम अंशिका और पिता जनार्धन की भी जान गई, मां को अभी नहीं पता
छतरपुर में मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जिनमें डेढ़ साल की अंशिका और उसके पिता जनार्धन भी शामिल हैं। घटना के समय अंशिका की मां संगीता यादव को उनकी बेटी और पति की मौत की जानकारी नहीं दी गई है। संगीता ने बताया कि वे लखनऊ के निवासी हैं और अपनी बेटी अंशिका के मुंडन के लिए बागेश्वर धाम जा रहे थे। इस हादसे के वक्त उनके साथ पति जनार्धन और तीन बेटियाँ थीं। हादसे के बाद, संगीता ने बताया कि दो बेटियाँ यहीं पर हैं, लेकिन छोटी बेटी अंशिका और पति जनार्धन का कहीं पता नहीं चल रहा है।
मृतकों की सूची:
- प्रेम नारायण कुशवाहा (ऑटो ड्राइवर)
- जनार्धन यादव
- मनु श्रीवास्तव
- नन्हे
- गोविंद
- लालू
- अंशिका (उम्र डेढ़ साल)
घायलों की सूची:
- मोनू (25) पिता रामनरेश श्रीवास्तव, निवासी फरीदाबाद, यूपी
- अंशिका (8) पिता जनार्धन यादव, निवासी लखनऊ, यूपी
- अनुंशका (10) पिता जनार्धन यादव, निवासी लखनऊ, यूपी
- संगीता (50) पति जनार्धन यादव
- हरीश (20) पिता विनोद यादव, निवासी बलरामपुर, यूपी
- रामसंही (36) पिता श्रीराम यादव, निवासी बलरामपुर, यूपी
- सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है, जिनमें से 4 की हालत गंभीर है और उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया है। हादसे के कारणों की जांच जारी है और स्थानीय प्रशासन राहत कार्यों में जुटा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications