लखीमपुर में मारे गए 4 किसानों के परिवार को 45 लाख रुपए मुआवजा, सरकारी नौकरी देगी योगी सरकार
लखनऊ, 04 अक्टूबर: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में मारे गए चार किसानों के परिवार को योगी सरकार ने 45 लाख रुपए मुआवजा और एक सरकारी नौकरी की घोषण की है। वहीं, घायलों को 10 लाख रुपए दिए जाएंगे। एडीजी (कानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने बताया कि कल लखीमपुर खीरी में मारे गए 4 किसानों के परिवारों को सरकार 45 लाख रुपए और एक सरकारी नौकरी देगी। घायलों को 10 लाख रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि किसानों की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज मामले की जांच करेंगे।

लखीमपुर में धारा 144 लागू
प्रशांत कुमार ने बताया कि सीआरपीसी की धारा 144 लागू होने के कारण राजनीतिक दलों के नेताओं को लखीमपुर ज़िले का दौरा नहीं करने दिया गया है। हालांकि, किसान संघों के सदस्यों को यहां आने की अनुमति है।
लखीमपुर कांड की पूरी कहानी
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को 3 अक्टूबर (रविवार) को लखीमपुर खीरी में आयोजित कुश्ती कार्यक्रम में आना था। उनके पहुंचने से पहले किसान, कृषि कानून के विरोध में काले झंडे लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। आरोप है कि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे अशीष मिश्रा और उसके समर्थकों ने प्रदर्शन कर रहे किसानों पर गाड़ियां चढ़ा दीं। इससे बाद गुस्साए किसानों ने दो गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। इस पूरे मामले में अब तक 9 लोगों की मौत हो गई है। इसमें 4 किसान, बीजेपी कार्यकर्ता और एक पत्रकार भी शामिल हैं। इस घटना के बाद जिले में धारा 144 लागू कर दी है।
गृह राज्य मंत्री ने कहा- आरोप पूरी तरह से निराधार
इस पूरे मामले में गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा टेनी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठियों और तलवारों से हमला किया गया और उनकी हत्या कर दी गई। वीडियो में दिख रहा है कि कुछ हमलावरों ने हमारे कार्यकर्ताओं से यह कहने को कहा कि मैंने (अजय मिश्रा टेनी) उनसे किसानों को कुचलने के लिए कहा था। मेरे बेटे पर लगाए आरोप पूरी तरह से निराधार हैं। अगर वह वहां होता तो उसकी हत्या कर दी जाती। अजय मिश्रा टेनी ने कहा, ''मैं मांग करता हूं कि कल मारे गए प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता के परिवारों को 50 लाख रुपए दिए जाएं। मामले की या तो सीबीआई, एसआईटी या किसी मौजूदा/सेवानिवृत्त न्यायाधीश से जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।''












Click it and Unblock the Notifications