अद्भुत: इस शख्स ने छत के गमलों में उगा डाले 250 किलो टमाटर, अब पड़ोसी भी फ्री में ले रहे हैं स्वाद
इंसान दो तरह के होते हैं, एक वो जो परेशानी में हाए तौबा करते हैं और एक वो जो परेशानी से निकलने का रास्ता खोजते हैं और कुछ तो आपदा को अवसर में ही बदल देते हैं। ऐसी ही एक सुखद खबर यूपी की राजधानी से आ रही है। जहां एक व्यक्ति ने अपनी छत के गमलों में ही ढाई क्विंटल से ज्यादा टमाटर उगा डाले।
छत पर उगाए ढाई क्विंटल टमाटर
जहां एक तरफ पूरे देश में टमाटर की कीमत लोगों के सिर का दर्द बन गई है, वहीं लखनऊ में एक शख्स न सिर्फ खुद टमाटर खा रहा है बल्कि अपने आस-पड़ोस के लोगों को भी बांट रहा है। उनकी इस दरियादिली का कारण है उनका टेरेस गार्डन। दरअसल, लखनऊ के वीके पांडे ने अपनी ही छत पर ढाई क्विंटल टमाटर उगा लिए हैं। उन्होंने यह टमाटर गमलों में उगाए हैं और जो भी उपज हुई वह खुद भी खा रहे हैं और पड़ोसियों को भी खिला रहे हैं।

50 से 60 गमलों में टमाटर के पौधे
बता दें कि लखनऊ में रहने वाले वीके पांडे एक फर्टिलाइजर कंपनी के कार्यरत हैं और गोमती नगर के विनय खंड में रहते हैं। वीके पांडे बताते हैं कि उन्हें बचपन से गार्डनिंग का शौक है। उन्होंने बताया कि टमाटर का सीजन नवंबर से शुरू होता है और जून तक चलता है। इस बार उन्होंने करीब 50 से 60 टमाटर के पौधे लगाए थे और इनकी अच्छी देखरेख भी कर रहे थे, जिसका उन्हें फायदा भी मिला है।

पड़ोसियों ने भी दे दी अपनी छत
जगह की कमी होने के बावजूद वीके पांडे ने अपने घर की छत और बालकनी में गमले लगा लिए और इनमें सब्जियां लगाना शुरू कर दिया। उनकी मेहनत और उपज देखकर उनके पड़ोसी ने भी अपनी छत पर 600 स्क्वायर फीट जगह उनको गार्डनिंग के लिए दे दी। जिसमे उन्होंने तकरीबन ढाई क्विंटल यानी 250 किलो टमाटर उगा दिए। उन्होंने यहां टमाटर के अलावा नींबू और मौसंबी जैसे कई पौधे लगाए हैं।

फ्री में बांट रहे टमाटर
आपको बता दें कि उन्होंने यह टमाटर खुद भी खाए और पड़ोसियों को भी दिए। काफी लोग इनसे टमाटर लेने आते हैं और यह सबको फ्री में टमाटर देते हैं। इनके द्वारा टमाटर की बढ़ी हुई कीमतों के बावजूद मुफ्त में टमाटर बांटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications