यूपी में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 27 नए मामले, शनिवार के दिन मिलेगी वैक्सीन की सिर्फ सेकेंड डोज
लखनऊ, 11 अगस्त: उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 27 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 63 लोग डिस्चार्ज हुए हैं। प्रदेश में 505 सक्रिय मामले बने हुए हैं। उत्तर प्रदेश अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने बुधवार को बताया कि पिछले 24 घंटे में 59 ज़िलों में कोरोना का एक भी मामला सामने नहीं आया है। उन्होंने बताया कि अब तक प्रदेश में कोरोना के कुल 6,81,00,000 टेस्ट किए गए हैं। कल प्रदेश में 5,23,594 कोविड वैक्सीन की डोज दी गई। अब तक कुल मिलाकर 4,64,00,000 लोगों को कोविड वैक्सीन की पहली डोज की दी गई है और 86 लाख लोगों को दूसरी डोज़ दी गई है।

सीएम योगी ने सरकारी आवास पर कोविड-19 के संबंध में गठित समितियों के अध्यक्षों के साथ बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेश में कोरोना संक्रमण की स्थिति को और बेहतर करने के लिए 'ट्रेस, टेस्ट एंड ट्रीट' की नीति के अनुरूप प्रबंध करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि आज अलीगढ़, अमेठी, चित्रकूट, एटा, फिरोजाबाद, गोंडा, हाथरस, कासगंज, पीलीभीत, प्रतापगढ़, शामली और सोनभद्र में कोविड का एक भी मरीज शेष नहीं है। ये जिले आज कोविड संक्रमण से मुक्त हैं।
शनिवार का दिन सेकेंड डोज के लिए आरक्षित रखने के निर्देश
सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक स्थान पर कोविड प्रोटोकॉल का अनुपालन कराया जाए। कहीं भी अनावश्यक भीड़-भाड़ न हो। पुलिस पेट्रोलिंग सतत जारी रहे। नई व्यवस्था के संबंध में समुचित दिशा-निर्देश प्रस्तुत किए जाएं। सीएम ने कहा कि कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज समय पर मिलना सुनिश्चित कराया जाए। शनिवार का दिन सेकेंड डोज के लिए आरक्षित रखें। विदेशी नागरिकों व असहाय/निराश्रितजनों के टीकाकरण के लिए भी समुचित व्यवस्था की जाए।












Click it and Unblock the Notifications