यूपी: शराब के बाद अब पान मसाला की बिक्री को भी मंजूरी, किताबें और स्टेशनरी की दुकानें भी खुलेंगी
लखनऊ। लॉकडाउन के तीसरे चरण में शराब बिक्री की शुरुआत के साथ ही अब उत्तर प्रदेश में पान मसाला बेचने की भी अनुमति दे दी गई है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बुधवार को इस बाबत आदेश जारी करते हुए कहा कि प्रदेश में जनस्वास्थ्य को देखते हुए पान मसाला के उत्पादन, वितरण और विक्रय पर लगाए गए प्रतिबंध को तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाता है। हालांकि, प्रदेश में तंबाकू, निकोटिनयुक्त पान मसाला, गुटखा का निर्माण, भंडारण और बिक्री पर प्रतिबंध पहले की तरह जारी रहेगा। बता दें, इस फैसले से पान किसानों को राहत मिलेगी।

किताबें और स्टेशनी की दुकानें भी खुलेंगी
इसके अलावा राज्य के ग्रीन और आरेंज जोन में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए स्टेशनरी और किताबों की दुकानों को भी खोलने की अनुमति दे दी गई है। बता दें, कई सरकारी और निजी स्कूलों ने लॉकडाउन के बीच ऑनलाइन क्लासेस देनी शुरू कर दी हैं, लेकिन छात्रों का कहना है कि किताबों की अनुपलब्धता पढ़ाई को प्रभावित कर रही है। किताबों और स्टेशनरी की दुकानें खोलने के सरकार के फैसला का छात्रों और अभिभावकों ने स्वागत किया है। दरअसल, छात्रों और अभिभावकों का कहना था ऑनलाइन पढ़ाई के लिए भी किताबें होना जरूरी है।

साक्षी महाराज ने उठाए सवाल
उन्नाव से बीजेपी सांसद साक्षी महाराज ने शराब और पान मसाले की बिक्री शुरू करने पर योगी सरकार से नाराजगी जताई है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, लॉकडाउन जनता के जीवन रक्षा और बढ़िया स्वास्थ्य के लिए है, तो फिर शराब, बीड़ी, सिगरेट, गुटका, पान पराग आदि नशीले पदार्थों की बिक्री पर छूट क्यों? इससे पहले भाजपा सांसद सत्यदेव पचौरी ने सीएम योगी को लिखे अपने पत्र में शराब की बिक्री के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन ना होने का हवाला देते हुए दुकानें बंद करने का आग्रह किया था।

यूपी में पहले दिन बिकी थी 100 करोड़ से ज्यादा की शराब
बता दें, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बीते सोमवार से लॉकडाउन के तीसरे चरण में शराब की दुकानों को खोलने की अनुमति प्रदान की है। यह दुकानें सुबह दस बजे से शाम सात बजे खुलेंगी। हिदायत दी गई थी कि कंटेनमेंट को छोड़कर जहां भी शराब की दुकानें खुलेंगी वहां सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करना होगा। पांच से अधिक लोग इकट्ठा नहीं होंगे। इसके बाद उत्तर प्रदेश में भी शराब की दुकानें खोल दी गईं। आबकारी विभाग के मुताबिक, पहले दिन शराब की बिक्री 100 करोड़ रुपए से ज्यादा की हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications