यूपी में 18 अक्टूबर तक सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द, लखीमपुर खीरी जिले में 10 IPS अफसरों की तैनाती
लखनऊ, 11 अक्टूबर: उत्तर प्रदेश पुलिस ने किसानों के विरोध और आगामी त्योहारों को देखते हुए 18 अक्टूबर तक कर्मचारियों की सभी प्रकार की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। एडीजी (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने रविवार को इस संबंध में एक आदेश जारी किया है। लखीमपुर खीरी जिले में 10 आईपीएस अफसरों की तैनाती की गई है। इसके अलावा 20 आईपीएस अफसरों को पश्चिम के 13 जिलों में लगाया गया है।
Recommended Video

18 अक्टूबर तक सभी पुलिसकर्मियों के अवकाश रद्द
एडीजी (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार द्वारा जारी आदेश में लिखा है, "आगामी त्योहारों और संयुक्त किसान मोर्चा के प्रस्तावित कार्यक्रमों के मद्देनजर उत्तर प्रदेश पुलिस ने 18 अक्टूबर तक कर्मचारियों के सभी प्रकार के अवकाश रद्द कर दिए हैं। इस अवधि के दौरान केवल अपरिहार्य कारणों से मुख्यालय से छुट्टी की अनुमति दी जाएगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से प्रभावी हो।"
आगामी त्योहार और किसान आंदोलन को देखते हुए लिया गया फैसला
नवरात्रि का पर्व पूरा देश मना रहा है। नवरात्रि के दौरान विभिन्न स्थानों पर दुर्गा पूजा पंडाल लगाए जा रहे हैं। रामलीला का मंचन भी किया जा रहा है। त्योहारों को देखते हुए मंदिरों, दुर्गा पूजा पंडालों, रामलीलाओं, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भीड़भाड़ बढ़ने की संभावना है। उधर, संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने 12 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के तिकोनिया में किसानों को 'अंतिम अरदास' में शामिल होने का आह्वान किया है। बीते रविवार को यहां हुई हिंसा के दौरान चार किसानों समेत आठ लोगों की जान चली गई थी। संयुक्त किसान मोर्चा ने 12 अक्टूबर की शाम कैंडल मार्च निकालने की भी अपील की।
"रेल रोको" विरोध प्रदर्शन भी है शामिल
इसके अलावा 15 अक्टूबर को दशहरा के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और स्थानीय नेताओं द्वरा भाजपा सरकार का पुतला दहन भी शामिल हैं। 18 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक पूरे देश में "रेल रोको" विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इन सब कार्यक्रमों के मद्देनजर अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने सभी जोनल अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस आयुक्त, क्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उप महानिरीक्षक, जिला पुलिस प्रभारी, पुलिस, रेलवे पुलिस कर्मियों की 18 अक्टूबर तक छुट्टी रद्द कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications