मेरठ SP के 'चले जाओ पाकिस्तान...' बयान पर BJP में सुनाई दिए दो स्वर
लखनऊ। मेरठ एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह के वायरल वीडियो पर बवाल मचा हुआ है, कई राजनीतिक दलों की ओर से मेरठ एसपी की आलोचना की गई है। वहीं, इस मामले पर अब बीजेपी में भी दो स्वर सुनाई देने लगे हैं। दरअसल, बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने जहां एसपी सिटी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, उत्तर प्रदेश के डेप्युटी सीएम केशव मौर्या ने एसपी का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि एसपी सिटी ने सभी मुस्लिमों के बारे में नहीं कहा था।

मुख्तार अब्बास नकवी ने की कार्रवाई की मांग
28 दिसंबर को केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने मेरठ के एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह के विवादास्पद बयान को निंदनीय बताया था। उन्होंने कहा, 'अगर यह सच है कि एसपी ने वीडियो में यह बयान दिया है, तो यह निंदनीय है। उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए।' उन्होंने कहा, 'किसी भी स्तर पर हिंसा, पुलिस द्वारा हो या भीड़ द्वारा, यह अस्वीकार्य है। यह लोकतांत्रिक देश का हिस्सा नहीं हो सकता। पुलिस को इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि जो निर्दोष हैं, वे पीड़ित न हों।'
Recommended Video

एसपी सिटी का बयान गलत नहीं: केशव प्रसाद मौर्या
वहीं, दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने मेरठ के एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह का बचाव किया है। उन्होंने एसपी का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने सभी मुसलमानों के लिए यह नहीं कहा था, मुमकिन है कि उन्होंने यह उन लोगों के लिए कहा हो जो पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगा रहे थे और पत्थर फेंक रहे थे। यही नहीं केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि जो भी इस तरह की गतिविधि में शामिल हैं उनके लिए एसपी का बयान गलत नहीं है।

क्या है मामला
20 दिसंबर को मेरठ समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सीएए को लेकर हिंसक प्रदर्शन हुए थे। जुमे की नमाज के बाद लिसाड़ी गेट पर उपद्रवियों ने पुलिस पर जबरदस्त पत्थरबाजी और फायरिंग भी की थी। इसी जगह मेरठ के एसपी सिटी अखिलेश नारायण और एडीएम कुछ लड़कों का पीछा करते हुए पहुंचे थे। इस दौरान वह नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन कर रहे कुछ लोगों को धमकाते नज़र आए थे।

वीडियो वायरल
उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वो कह रहे थे कि ''जो काली पट्टी और पीली पट्टी बांध रहे हो बता रहा हूं... उनसे कह दो पाकिस्तान चले जाएं, फ़्यूचर काला होने में लगेगा सेकेंड भर, एक सेकेंड में सब काला हो जाएगा, देश में नहीं रहने का मन है, चले जाओ भैया, खाओगे कहीं का और गाओगे कहीं का, आपके फोटो ले लिए गए हैं, लोगों की पहचान हो गई है, गली में कुछ हो गया तो तुम लोग कीमत चुकाओगे।

मेरठ एसपी ने दी थी ये सफाई
वीडियो वायरल होने पर राजनेताओं के निशाने पर आए एसपी सिटी अखिलेश नारायण ने कहा था कि प्रदर्शनकारी पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। तब उनसे कहा गया था कि 'अगर आप पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाते हैं, भारत से इतनी नफरत करते हैं और पत्थर फेंकते हैं तो पाकिस्तान चले जाते।' फिलहाल ऐसे लोगों को चिन्हित किया जा रहा है, जिसके बाद उनपर कार्रवाई की जाएगी और उन्होंने जामबूझकर किसी व्यक्ति या धर्म विशेष के लिए ऐसा नहीं कहा था।












Click it and Unblock the Notifications