विकास के नाम पर यूपी सरकार ने विज्ञापन में छाप दी कोलकाता के फ्लाइओवर की तस्वीर, विपक्ष हुआ हमलावर
यूपी में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। चुनाव को देखते हुए सभी पार्टियां एक्टिव मोड में आ गई हैं, जरा सी गलती हुई नहीं कि विपक्ष आपके कपड़े उतारने को तैयार है। ऐसे में एक गलती योगी सरकार से हो गई।
लखनऊ, 12 सितंबर। यूपी में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। चुनाव को देखते हुए सभी पार्टियां एक्टिव मोड में आ गई हैं, जरा सी गलती हुई नहीं कि विपक्ष आपके कपड़े उतारने को तैयार है। ऐसे में एक गलती योगी सरकार से हो गई। फिर क्या विपक्ष कहां रुकने वाला था, आखिर वोट का सवाल है भाई। दरअसल हुआ ये योगी सरकार चुनावों को देखते हुए विज्ञापन के माध्यम से यूपी में हुए विकास को जनता के सामने रख रही है। ऐसे ही एक विज्ञापन में जिन तस्वीरों को लगाया गया वह तस्वीरें कोलकाता और अमेरिका की बताई जा रही हैं। इसी मुद्दे को लेकर टीएमसी और सपा सरकार ने योगी सरकार पर निशाना साधा है। टीएमसी सांसद और ममता बनर्जी के भतीजे ने भाजपा के विकास के दावे को खोखला बताते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ के लिए यूपी को बदलने का मतलब ममता बनर्जी के नेतृत्व में बंगाल में किए गए बुनियादी ढांचे से तस्वीरों को चोरी करना और यूपी में हुए विकास के नाम पर उनका इस्तेमाल करना है। ऐसा लगता है कि डबल इंजन मॉडल बीजेपी के सबसे मजबूत राज्य में बुरी तरह फेल हो गया है।

सपा ने भी योगी सरकार पर साधा निशाना
समाजवादी पार्टी ने भी इन विज्ञापनों को लेकर योगी सरकार पर जबरदस्त हमला बोला है। सपा ने ट्विटर पर 'यूपी तक' की खबर को ट्वीट करते हुए लिखा, 'मुख्यमंत्री के झूठ की फिर खुल गई पोल। विज्ञापनों में जनता का पैसा पानी की तरह बहाने वालों के पास दिखाने के लिए अपना किया कोई काम नहीं, तो कोलकाता में हुए निर्माण की तस्वीर छाप कर जनता को कर रहे गुमराह, शर्मनाक यह है झूठ बोलने में नंबर एक बीजेपी सरकार। जिसके दिन हैं बचे चार।'
वहीं सपा से जुड़े आशीष यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया, 'बाबा जी बंगाल का काम यूपी का बता रहे हैं। लगता है पश्चिम बंगाल का नाम बदल कर उत्तर प्रदेश रखने जा रहे? आज कल "दम मारो दम" वाला प्रसाद पूरे यूपी सचिवालय में फैल चुका है।'
यह भी पढ़ें: योगी सरकार ने अब तक हजारों गरीब मरीजों की बचाई जान, दी 1129 करोड़ की मदद
रिटायर्ड आईएएस अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने भी कसा तंज
योगी सरकार की इस हरकत पर रिटायर्ड आईएएस अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने भी जोरदार तंज कसा। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा- किसी ट्वीट में 'प्रतीकात्मक तस्वीर' डालने पर गंभीर धाराओं में मुक़दमे लिख देने वाली उत्तरप्रदेश पुलिस आज बताए कि अगर मुख्यमंत्री अन्य राज्यों से तस्वीरें चुराकर बाक़ायदा विज्ञापन देते हैं, अन्य सरकारों द्वारा दी गयी नौकरियों को अपना बता विज्ञापन देते हैं, तो उनपर कार्यवाही होगी?
नहीं देखा ऐसा विकास- संजय सिंह (आप)
वहीं आम आदमी पार्टी ने भी इस बहती गंगा में हाथ धो लिये। उन्होंने योगी सरकार के इस विज्ञापन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ऐसा विकास न सुना होगा न देखा होगा। कोलकाता का फ्लाईओवर खींचकर लखनऊ ले आए हमारे सीएम योगी आदित्यनाथ जी।
यूपी सरकार में मंत्री मोहसिन रजा ने दिया विपक्ष के आरोपों का जवाब
योगी सरकार में मंत्री मोहसिन रजा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में चौमुखी विकास हो रहा है जो इनकी कल्पना में भी नहीं था क्योंकि उन्होंने तो विनाश वाला उत्तर प्रदेश देखा था ऐसा विकास वाला उत्तर प्रदेश तो देखा ही नहीं था। हो सकता है हमारा कोई मॉडल उनको पसंद आया हो और हमारे मॉडल को उन्होंने अपना लिया हो। हर राज्य चाहता है कि यूपी की तरह वह भी विकास में अग्रिम पंक्ति में खड़ा हो। जो विकास हो रहा है वह सबको दिख रहा है।












Click it and Unblock the Notifications