योगी सरकार ने अब तक हजारों गरीब मरीजों की बचाई जान, दी 1129 करोड़ की मदद
लखनऊ। मुख्यमंत्री फंड से गरीबों और जरूरतमंदों को मदद देने के मामले में योगी सरकार पिछली सरकारों के मुकाबले काफी आगे दिख रही है। योगी आदित्यनाथ सरकार ने पिछले साढ़े चार साल में 71,626 लोगों के इलाज के लिए 1.129 करोड़ दिए हैं। यह आंकड़ा अखिलेश यादव के पांच साल के कार्यकाल से दुगुने से ज्यादा है, वहीं मायावती सरकार के कार्यकाल में सीएम फंड से दी गई मदद से ये 13 गुना ज्यादा है।

पिछले पांच महीने में कोरोना महामारी की दूसरी लहर के दौरान और उसके बाद योगी सरकार ने 6,618 लाभार्थियों को 121 करोड़ रुपए बांटे। अधिकारियों का दावा है कि करीब 24 करोड़ वाली जनसंख्या वाले उत्तर प्रदेश ने कोरोना महामारी से निपटने में दूसरी राज्यों के मुकाबले बहुत बेहतर प्रदर्शन किया है। योगी सरकार ने जिंदगी बचाना और लोगों को जीवन-यापन की सुविधाएं देने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
अप्रैल में 781 लोगों को 13.26 करोड़ का सहयोग दिया गया। वहीं, मई महीने में 943 लोगों को 17.20 करोड़ की राशि दी गई। इसी साल जून में, 1376 लाभार्थियों को 24.85 करोड़, जुलाई में 1,497 लोगों को 29.33 करोड़ और अगस्त में 2021 लोगों को 36.44 करोड़ की मदद दी गई। प्रदेश सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक फंड से भाजपा सरकार ने गरीब मरीजों को 1,100 करोड़ रुपए की सहायता दी है।
समाजवादी पार्टी की सरकार में सीएम अखिलेश यादव ने पांच साल में 42,508 लोगों को 552 करोड़ की सहायता दी थी। मायावती सरकार ने 18,462 लोगों को 84 करोड़ की मदद दी। सरकार बनाते ही सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उन मरीजों तक तुरंत मदद पहुंचाई जाय जो पैसे के अभाव में इलाज की उम्मीद छोड़ चुके हैं। इस तरह से योगी सरकार ने हजारों लोगों की जिंदगी बचाई है और इस बात का ध्यान रखा कि लोगों को मेडिकल खर्च के लिए जमीन जायदाद न बेचनी पड़े।
साल दर साल के आंकडे़ भी इस बात की तस्दीक करते हैं कि योगी सरकार ने लगातार लोगों तक मदद पहुंचाई है। 2017-18 में योगी सरकार ने 13,228 लोगों को 184.63 करोड़, 2018-19 में 17,772 लोगों को 256.34 करोड़ और 2019-20 में 18,014 लोगों को 280.23 करोड़ रुपए की राशि बांटी। 2020-21 में 7,269 लोगों को 132.55 करोड़ की सहायता दी गई। लोगों के किडनी ट्रांसप्लांट, कैंसर, दिल की बीमारी समेत अन्य गंभीर रोगों के इलाज में योगी सरकार मददगार साबित हुई।












Click it and Unblock the Notifications