'मैं अपनी हार स्वीकारता हूं...,' यूपी चुनाव में फाजिलनगर सीट से हार के बाद और क्या बोले स्वामी प्रसाद मौर्य ?
लखनऊ, 11 मार्च: यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी छोड़ सपा में शामिल हुए स्वामी प्रसाद मौर्य चुनाव हार गए हैं। स्वामी प्रसाद मौर्य फाजिलनगर विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में थे। हार के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। एएनआई से बातचीत में मौर्य ने अपनी हार स्वीकार करते हुए कहा कि जिन मुद्दों की वजह से उन्होंने बीजेपी छोड़ी थी वो मुद्दे आज भी वैसे ही हैं, उन मुद्दों को लेकर वह फिर से जनता के बीच जाएंगे।

'मैं चुनाव हारा हूं हिम्मत और हौसला नहीं'
स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा, ''जनता का जनादेश हमें मंजूर है। जिस तरह से जीत स्वीकारी जाती है उसी तरह मैं अपनी हार स्वीकारता हूं। मैं चुनाव हारा हूं हिम्मत और हौसला नहीं। जिन मुद्दों के कारण मैंने बीजेपी छोड़ी थी वो मुद्दे आज भी वैसे ही हैं, उन मुद्दों को लेकर हम फिर से जनता के बीच जाएंगे।''

'सपा एक बड़ी ताकत बन कर उत्तर प्रदेश में उभरी है'
मौर्य ने आगे कहा, ''जहां लोगों ने समझा वहां पर परिणाम सकारात्मक भी आए हैं। हमें खुशी है कि समाजवादी पार्टी का जन आधार तेजी से आगे बढ़ा और विधायकों की संख्या भी 2.5 गुना बढ़ी और सपा एक बड़ी ताकत बन कर उत्तर प्रदेश में उभरी है। उसे और बड़ा बनाने के लिए ये अभियान जारी रहेगा।''
Recommended Video

स्वामी ने RSS की 'नाग' तो 'सांप' से की थी BJP की तुलना
बता दें, बीजेपी छोड़ने के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य ने एक ट्वीट में लिखा था, ''नाग रूपी आरएसएस और सांप रूपी भाजपा को स्वामी रुपी नेवला यूपी से खत्म करके ही दम लेगा।'' समाजवादी पार्टी में शामिल होने के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य ने एक और बयान में कहा था, ''स्वामी प्रसाद मौर्य कोई कच्चे खिलाड़ी नहीं है, योगी और मोदी को ऐसे नचा-नचाकर कर पटकूंगा कि वो भी क्या याद करेंगे कि किसी स्वामी प्रसाद मौर्य से पाला पड़ा था।''












Click it and Unblock the Notifications