बीजेपी पर Akhilesh Yadav ने कसा तंज, पूछा- आखिर कब तक यह सब सहेगा प्रदेश का किसान?
लखनऊ, 03 नवंबर: बैंक और साहूकार के कर्ज से परेशान होकर यूपी के बागपत जिले में किसान अनिल कुमार ने खुदकुशी कर ली। किसान द्वारा खुदकुशी की घटना का सपा अध्यक्ष व यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने अत्यंत ह्रदय विदारक बताया। साथ ही, प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सरकार पर तीखा हमला बोला। अखिलेश यादव ने पूछा आखिर कब तक यह सब सहेगा प्रदेश का किसान?

बागपत में किसान अनिल कुमार द्वारा आत्महत्या करने पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश की योगी सरकार पर हमला बोलते हुए ट्वीट किया है। अखिलेश यादव ने लिखा,
Recommended Video
उत्तर प्रदेश के बागपत में कर्ज़ में डूबे किसान द्वारा आत्महत्या की घटना अत्यंत हृदय विदारक! भाजपा के राज में किसानों के ऐसे हालात सरकार के सभी झूठों का पर्दाफाश कर रहे हैं। आखिर कब तक यह सब सहेगा प्रदेश का किसान? #नहीं_चाहिए_भाजपा
इससे पहले अखिलेश यादव ने कहा था कि बीजेपी सरकार किसानों को लांछित करने के साथ अपमानित करने पर भी तुल गई है। भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में किसानों से झूठे वादे किए। प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री बराबर आश्वासन देते रहे है कि किसानों की फसल एमएसपी दरों पर खरीदी जाएगी पर यह भी उनके हर झूठ की तरह शुद्ध झूठ साबित हो रही है। इतना ही नहीं, अखिलेश ने कहा कि किसान के धान की खरीद की कोई व्यवस्था नहीं है। घोषित 1940 रुपए प्रति कुंतल की दर पर किसान के धान की खरीद नहीं हो रही है।
कर्ज न चुका पाने पर किसान ने की खुदकुशी
बागपत जिले के बिहारीपुर गांव निवासी किसान अनिल कुमार (45) का शव खेत में अमरूद के पेड़ से लटका मिला। शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल में जुट गई। पुलिस ने किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मृतक किसान अनिल कुमार के परिजनों ने बताया कि किसान अनिल के पास चार बीघा जमीन है। अनिल पर बैंक का करीब सात लाख रुपए व साहूकार का तीन लाख रुपए कर्ज है। कर्ज चुकाने के लिए उस पर लगातार तगादा किया जा रहा था। इस कर्ज चुकाने में अनिल वर्तमान में असमर्थ थे। इसलिए ही वह पिछले कई दिनों से तनाव में चल रहे थे। इस कारण ही किसान ने आत्महत्या की है।












Click it and Unblock the Notifications