लखनऊ: हिरासत में लिए गए यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव
लखनऊ। केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों के समर्थन में कन्नौज में विरोध प्रदर्शन करने जा रहे समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। अखिलेश इसके पहले घर के बाहर ही धरने पर बैठ गए थे। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं ने कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किया है। वे (पुलिस) अगर चाहें तो हमें जेल में डाल सकती है। बता दें, अखिलेश यादव ने किसानों के समर्थन में सोमवार (7 दिसंबर) से कन्नौज से पदयात्रा का ऐलान किया था। कन्नौज के डीएम राकेश कुमार मिश्र ने अखिलेश यादव के किसान आंदोलन को अनुमति नहीं दी है। रविवार रात से ही लखनऊ में विक्रमादित्य मार्ग पर स्थित अखिलेश यादव के घर के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। डीएम कन्नौज ने कोरोना के संक्रमण का हवाला देते हुए कहा कि अभी कोरोना वायरस खत्म नहीं हुआ है। गौतम पल्ली से लेकर अखिलेश यादव के घर तक पूरा विक्रमादित्य मार्ग सील कर दिया गया। भारी संख्या पुलिस मौजूद है।
Recommended Video

किसानों के समर्थन में उतरीं कई राजनीतिक पार्टियां
बता दें, केंद्र सरकार के नए कृषि कानूनों को रद्द किए जाने को लेकर अपनी मांगों पर अड़े किसान संगठनों ने 8 दिसंबर 2020 को 'भारत बंद' का आह्वान किया है। किसानों के भारत बंद को कई राजनीतिक पार्टियों का भी समर्थन मिला है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, शिवसेना सहित कई राजनीतिक पार्टियां किसानों के 'भारत बंद' का समर्थन कर चुकी हैं।
अखिलेश यादव ने किया पदयात्रा का ऐलान
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने किसान आंदोलन के समर्थन में कन्नौज से पदयात्रा का ऐलान किया। अखिलेश यादव ने रविवार को कहा था कि समाजवादी पार्टी किसानों की मांगों का समर्थन करती है। सरकार तीनों किसान विरोधी कानून वापस ले। जब तक यह कानून वापस नहीं होता तब तक पार्टी पूरे प्रदेश में लगातार पदयात्रा आयोजित करेगी। अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों का धान और मक्का न्यूनतम समर्थन मूल्य पर नहीं खरीदा जा रहा है। महंगाई लगातार बढ़ रही है। अखिलेश यादव ने सोमवार की सुबह किसान यात्रा में शामिल होने की बात कहते हुए ट्वीट किया, 'कदम-कदम बढ़ाए जा, दंभ का सर झुकाए जा, ये जंग है जमीन की, अपनी जान भी लगाए जा।'












Click it and Unblock the Notifications