लखनऊ में खतरनाक स्तर पर पहुंचा प्रदूषण, ड्यूटी पर लापरवाही बरतने पर DM ने रोका वेतन
लखनऊ। खबर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से है, यहां जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने क्षेत्रीय अधिकारी आरके सिंह की सैलरी तत्काल प्रभाव से रोकने का निर्देश दिया है। लखनऊ जिलाधिकारी ने यह कार्रवाई खतरनाक स्तर तक बढ़ चुके प्रदूषण को रोकने में लापरवाही के मद्देनजर की है। तो वहीं, जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय अधिकारी से दो दिनों के अंदर जवाब देने के लिए कहा है।

जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने शनिवार (07 नवंबर) को क्षेत्रीय अधिकारी, उप्र. प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड लखनऊ को एक पत्र लिखा है। पत्र में लिखा, वर्तमान में लखनऊ में प्रदूषण की स्थिति अत्यंत चितनीय है। आपको बार-बार निर्देशित किया गया है कि प्रदूषण पर नियत्रंण पाने हेतू तत्काल प्रभावी कार्यवाही करायें। बैठकों में लिए गए निर्णयों पर भी आपके द्वार कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इस हेतु आपको फील्ड विजिट करने के निर्देश दिए गए थे, किन्तु आप द्वारा फील्ड विजिट नहीं किया जा रहा है। साथ ही आपके द्वारा अभी तक किसी भी प्रकार की प्रवर्तन की कार्यवाही भी नहीं गई है, जिसके कारण जनपद में प्रदूषण की स्थिति पर प्रभावी नियंत्रण नहीं पाया जा सका है।
जवाब नहीं दिया तो होगी खिलाफ कार्यवाही
आदेश में आगे लिखा है कि अगले आदेशों तक आपका वेतन रोका जाता है साथ ही निर्देशित किया जाता है कि दो दिनों के अंदर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें कि क्यों आप अपने सरकारी दायित्वों का निर्वाह नहीं कर रहे हैं। अगर दो दिनों तक स्पष्टीकरण नहीं आया तो माना जाएगा कि आपको कुछ नहीं कहना है ऐसे में आपके खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
लखनऊ का हाल दिल्ली से भी बुरा
राजधानी लखनऊ सहित उत्तर प्रदेश के कई शहरों में प्रदूषण का बुरा हाल है। लखनऊ में छाई धुंध और हवा की कम रफ्तार के चलते शुक्रवार को प्रदूषण का स्तर गंभीर स्थिति में पहुंच गया। प्रदूषण के मामले में लखनऊ ने दिल्ली को भी पीछे छोड़ दिया है। सेंट्रल पलूशन कंट्रोल बोर्ड के एक्यूआई बुलेटिन के मुताबिक, लखनऊ का एयर क्वॉलिटी इंडेक्स 349 बहुत खराब से बढ़कर 447 गंभीर स्थिति में दर्ज हुआ। लखनऊ देश के तीसरे सबसे प्रदूषित शहर की श्रेणी में रहा।












Click it and Unblock the Notifications