रंजीत हत्याकांड: पूर्व बीजेपी सांसद का सीएम योगी पर हमला, कहा- दिल्ली में प्रचार की बजाए...
लखनऊ। विश्व हिंदू महासभा के अध्यक्ष रंजीत बच्चन की हत्या के मामले में सियासत गरमा चुका है। विपक्ष के बाद अब सत्ताधारी दल के नेता ही सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाने लगे हैं। अपनी ही पार्टी के विधायक को जूते से मारकर सुर्खियों में आए पूर्व भाजपा सांसद शरदमणि त्रिपाठी ने इस हत्याकांड को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा है।

प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर मंथन करना चाहिए
शरदमणि त्रिपाठी ने फेसबुक पोस्ट पर लिखा, ''कमलेश तिवारी जी के बाद आज जिस तरह हिन्दू महासभा के अध्यक्ष श्री रंजीत बच्चन जी की लखनऊ में दिन-दहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई व अत्यंत निंदनीय है। मेरी व्यक्तिगत सोच यही है कि कुछ चंद 'माननीयों' को दिल्ली में प्रचार करने के बजाए अपने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर मंथन करना चाहिए।'' बता दें, सीएम योगी आदित्यनाथ दिल्ली चुनाव के तहत दिल्ली में भी जनसभाएं कर रहे हैं।

'सही को सही और गलत को गलत' कहने की हिम्मत रखें
शरदमणि त्रिपाठी ने आगे लिखा है, ''एक भाजपा के सच्चे कार्यकर्ता होने के नाते आप सब भी यह प्रण लें कि 'सही को सही और गलत को गलत' कहने की हिम्मत रखें और अटल जी के मर्गदर्शन पर चलें।''

मॉर्निंग वॉक के दौरान गोली मारकर की गई थी हत्या
बता दें, विश्व हिंदू महासभा के अध्यक्ष रंजीत बच्चन की लखनऊ में रविवार की सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। फायरिंग में रंजीत के मौसेरे भाई आदित्य को भी हाथ में गोली लगी थी। इस मामले में लापरवाही बरतने पर चार पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया जा चुका है। अभी तक पुलिस आधा दर्जन से अधिक लोगों से पूछताछ कर चुकी है। पुलिस इस हत्याकांड में लूट, पुरानी रंजिश, परिवारिक विवाद, लेनदेन सहित कई बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications