नाम लिए बगैर अमर सिंह पर बरसे रामगोपाल यादव, बोले पार्टी को बर्बाद करने पर अमादा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की सियासत और सपा परिवार में बाहरी व्यक्ति के हस्तक्षेप पर अखिलेश यादव के बाद रामगोपाल यादव ने जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बाहरी लोगों के बारे में आप भी जानते हैं, नेताजी की सरलता का बाहरी लोग फायदा उठा रहे हैं। रामगोपाल के बयान के बाद अब यह साफ हो गया है कि वह अमर सिंह के बारे में ही इशारा कर रहे थे।
सपा के पारिवारिक कलह के बीच उभरता ब्रांड अखिलेश

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के बाहरी आदमी के हस्तक्षेप वाले बयान पर तमाम मीडिया वर्ग ने अमर सिंह का नाम बतौर बाहरी व्यक्ति बताया था। ऐसे में रामगोपाल यादव का यह कहना कि आप लोग भी बाहरी व्यक्ति के बारे में जानते हैं, इस बात की पुष्टि करता है कि वह अमर सिंह की ओर ही इशारा कर रहे थे।
बाहरी लोग पार्टी को बर्बाद करने पर अमादा
रामगोपाल वर्मा ने कहा कि बाहरी लोगों का पार्टी के हित से कोई सरोकार नहीं है, एक आदमी पार्टी को बर्बाद करने पर अमादा है। उन्होंने कहा कि अखिलेश ने बहुत बाते सुनी, फिर भी चेहरे पर शिकन नहीं आने दी। रामगोपाल यादव ने कहा कि मैं उनकी बातों को आपसे साझा नहीं करुंगा लेकिन नेताजी के इशारे के बाद काम अवश्य हो जाएगा।
बाहरी आदमी पर कार्रवाई की मांग
बाहरी आदमी पर कार्रवाई की भी रामगोपाल यादव ने मांग की है। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता बाहरी आदमी पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक आदमी के कहने पर प्रभारी पद को बनाया गया था। यूपी में प्रभारी पद पर सवाल उठाते हुए रामगोपाल यादव ने कहा कि बाहरी लोगों के कहने पर प्रभारी का पद बनाया गया है। लोगों ने नेताजी की सरलता का फायदा उठाया है। उन्होंने कहा कि जो समाजवादी नहीं है वो मुलायमवादी नहीं है। समाजवादी पार्टी में प्रभारी का पद नहीं होता है। ऐसे में अगर एक्शन होता है तो उसका रिएक्शन भी जरूर होगा।
जो नेताजी कहेंगे वह होगा
एक तरफ जहां मुलायम सिंह यादव ने इस पूरे विवाद को सुलझाने के लिए संसदीय बोर्ड की बैठक बुलाई है तो दूसरी तरफ रामगोपाल यादव ने कहा कि इसकी कोई जरूरत नहीं है, नेताजी ने ही पार्टी को बनाया है ऐसे में वह जो भी कहेंगे हम सब उसे मानेंगे।
मुख्यमंत्री से पहले पूछना चाहिए
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का बचाव करते हुए रागोपाल यादव ने कहा कि अगर उनसे पूछा जाता तो वह स्वयं इस्तीफा दे देते। लेकिन उनसे बिना पूछ उन्हें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद से हटा दिया गया।
सीएम नहीं हैं नाराज
सीएम की नाराजगी के सवाल पर रामगोपाल ने कहा कि वह किसी से भी नाराज नहीं है, मुख्यमंत्री आज या कल में नेताजी से मुलाकात करेंगे। मुलाकात के बाद विवाद सुलझ जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications