PM मोदी की सुरक्षा में सेंध, सीएम योगी बोले- पंजाब सरकार को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए
लखनऊ, 05 जनवरी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पंजाब के फिरोजपुर रैली रद्द हो गई है। गृह मंत्रालय ने एक बयान जारी करके बताया है कि पीएम की सुरक्षा में चूक के कारण फिरोजपुर की रैली रद्द की गई। नए कृषि कानूनों के रद्द होने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी पहली बार पंजाब दौरे पर जाने वाले थे और फिरोजपुर के लिए रवाना भी हो गए थे, लेकिन सुरक्षा कारणों के चलते रैली रद्द करनी पड़ी। इसको लेकर बीजेपी ने पंजाब सरकार को घेरना शुरू कर दिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे के दौरान उनकी सुरक्षा व्यवस्था के साथ जो खिलवाड़ पंजाब सरकार के संरक्षण में हुआ वह पंजाब में व्याप्त अराजकता और दुर्व्यवस्था का उदाहरण है। पंजाब सरकार को देश की जनता से इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।
Recommended Video

स्मृति ईरानी ने कहा- आज पंजाब में कांग्रेस के खूनी इरादे नाकाम रहे
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि आज पंजाब में कांग्रेस के खूनी इरादे नाकाम रहे। जो लोग कांग्रेस पार्टी में मोदी से घृणा करते हैं वो आज प्रधानमंत्री को, उनकी सुरक्षा को कैसे भंग किया जाए, इसके लिए प्रयासरत थे।
गृह मंत्रालय ने राज्य सरकार से मांगी विस्तृत रिपोर्ट
गृह मंत्रालय के बयान के मुताबिक, प्रधानमंत्री के कार्यक्रम और यात्रा की योजना के बारे में पंजाब सरकार को पहले ही बता दिया गया था। प्रक्रिया के अनुसार उन्हें सुरक्षा के साथ-साथ आकस्मिक योजना तैयार रखने के लिए आवश्यक व्यवस्था करनी होगी। साथ ही आकस्मिक योजना के मद्देनजर पंजाब सरकार को सड़क मार्ग से किसी भी आंदोलन को सुरक्षित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा तैनात करनी होगी, जो स्पष्ट रूप से तैनात नहीं थे। इस सुरक्षा चूक के बाद, बठिंडा हवाई अड्डे पर वापस जाने का निर्णय लिया गया। गृह मंत्रालय ने सुरक्षा में इस गंभीर चूक का संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। राज्य सरकार को भी इस चूक की जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई करने को कहा गया है।












Click it and Unblock the Notifications