मेजर ध्यानचंद विजय पथ: यूपी में 19 खिलाड़ियों के गांव-घर तक सड़क निर्माण शुरू, डिप्टी सीएम ने किया शिलान्यास
लखनऊ। पद्मभूषण और हॉकी के जादूगर कहे जाने वाले मेजर ध्यानचंद की जयंती पर उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के नेशनल और इंटरनेशनल खिलाड़ियों के घर तक सड़क बनाने की योजना की शुरुआत कर दी है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पद्मभूषण मेजर ध्यानचंद विजय पथ योजना के तहत ऐसे 19 खिलाड़ियों के घर तक बनने वाली सड़कों का शिलान्यास किया। उप मुख्यमंत्री ने वर्चुअल शिलान्यास करते हुए यह ऐलान किया प्रदेश के कैबिनेट मंत्री रहे पूर्व क्रिकेटर दिवंगत चेतन चौहान के नाम पर भी सड़क का नामाकरण किया जाएगा। जिन सड़कों का उप मुख्यमंत्री ने वर्चुअल शिलान्यास किया है, अगले साल 29 अगस्त को खेल दिवस के अवसर पर ही उनका लोकार्पण किया जाएगा।

प्रदेश के खेल और खिलाड़ी को प्रोत्साहन
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पीडब्ल्यूडी हेडक्वार्टर में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि खिलाड़ियों के घरों तक सड़क बनाकर प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने का काम कर रही है। मेजर ध्यानचंद विजय पथ योजना के तहत खेलों का सम्मान किया जा रहा है। आने वाले समय में भी खिलाड़ियों के सम्मान और प्रोत्साहन के लिए इसी तरह के कार्यक्रमों के आयोजन होंगे। मेजर ध्यानचंद विजय पथ के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि जिन खिलाड़ी के गांव-घर तक रोड बनाए जाएंगे, उनके नाम और उपलब्धियों के बारे में जानकारी देने वाले साइन बोर्ड लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी देश के गौरव हैं और राज्य स्तर पर जो गोल्ड मेडल जीतेंगे, उनके गांव तक भी सरकार सड़क बनाने का काम करेगी।
एक सड़क पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान के नाम
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि खेलों के लिए विभागीय टीम बनाकर कीर्तिमान स्थापित करें, ऐसा काम करें। पूर्व क्रिकेटर और कैबिनेट मंत्री रहे चेतन चौहान का हाल में कोरोना संक्रमण के बाद निधन हो गया था। उनको याद करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय चेतन चौहान के नाम पर भी प्रदेश के किसी मुख्य सड़क का नामाकरण किया जाएगा ताकि वर्तमान और आने वाली पीढ़ियां उनको याद करे। उप मुख्यमंत्री के इस वर्चुअल शिलान्यास कार्यक्रम में जिलों के खिलाड़ी भी ऑनलाइन जुड़े। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने इंटरनेशनल हॉकी खिलाड़ी डॉक्टर आरपी सिंह और क्रॉस कंट्री की इंटरनेशनल खिलाड़ी कविता यादव को सम्मानित किया।
इन खिलाड़ियों के गांव-घर तक पहुंचेंगी सड़कें
मथुरा के पवन कुमार शर्मा व आशीष गौतम (तलवार बाजी), ईशा धनगर, जूडो (अंडर-17 व अंदर-14) और जीतू गोला(एकल एवं युगल फेंसिंग प्रतियोगिता) शामली के प्रवीन कुमार (क्रिकेटर), मेरठ के रवि कुमार (निशानेबाजी), बागपत के वरुण पहलवान (कुश्ती), कोमल शर्मा व कु. तान्या चौधरी(एथलेटिक्स) और सुश्री तनु राठी (बॉलीबाल), गाजियाबाद की अकांक्षा बंसल (शूटिंग-एअर पिस्टल), बुलंदशहर के अभिषेक सिंह (कबड्डी ), देवरिया के डॉ. आरपी सिंह (हॉकी), बाराबंकी की सुश्री कविता यादव (क्रास कन्ट्रीदौड़-गोडल मेडेलिस्ट), मथुरा की वैदेही मिश्रा (जूनियर फेंसिंग प्रतियोगिता), बुलन्दशहर के भुवनेश्वर कुमार (क्रिकेटर), सतीश कुमार (बाक्सिंग) और शान्ति स्वरूप (एशियाई नौकायन) और बागपत की छवि तोमर (बॉलीबाल)।












Click it and Unblock the Notifications