अखिलेश से मिलने सपा कार्यालय पहुंचे मुलायम सिंह यादव, कहा- 'बहुत अच्छा लड़े तुम, बधाई'
लखनऊ, 13 मार्च: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हो गए है और भारतीय जनता पार्टी यूपी में पूर्ण बहुमत के साथ फिर से सरकार बनाने जा रही है। तो वहीं, चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव रविवार को अचानक लखनऊ में सपा कार्यालय पहुंचे। इस दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुलायम सिंह के यहां पहुंचते ही पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया।

इस मुलाकात के दौरान सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने अखिलेश की तारीफ करते हुए कहा, 'अखिलेश बहुत अच्छा लड़े तुम, बहुत-बहुत बधाई।' यही नहीं, नेताजी ने यह बात कई बार दोहराई। इस दौरान उन्होंने नई उर्जा और उत्साह के साथ आगे लड़ने को कहा। यही नहीं, इस दौरान उनके मिलने के लिए कार्यकर्ता काफी उत्साहित दिखे और नेताजी ने भी उन्हें अपना आशीर्वाद देने में कोई कोताही नहीं बरती।
आपको बता, सपा भले ही बहुमत से दूर रह गई, लेकिन पिछले चुनाव की तुलना में इस बार करीब ढाई गुना ज्यादा सीटें जीती हैं। सपा गठबंधन को 125 सीटों पर सफलता मिली है। इस बार चुनाव प्रचार की पूरी बागडोर अखिलेश यादव ने ही संभाल रखी थी। मुलायम सिंह यादव ने केवल अखिलेश के लिए मैनपुरी की करहल और अपने पुराने मित्र पारसनाथ के बेटे लकी के लिए जौनपुर की मल्हनी सीट पर प्रचार किया था। इसके अलावा वह इटावा में सपा के रोड शो में भी नजर आए थे।
तीनों जगह सपा को जीत भी मिली है। मल्हनी सीट पर सपा प्रत्याशी लकी यादव ने बाहुबली जेडीयू प्रत्याशी पूर्व सांसद धनंजय सिंह को हराया। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और शिवपाल यादव भी मल्हनी गए थे। इस सीट पर सपा को जीत मिली और लकी यादव ने जेडीयू प्रत्याशी और पूर्व सांसद धनंजय सिंह 17527 मतों से हराया। तो वहीं, यूपी चुनाव में इस बार भाजपा गठबंधन को 273 सीटों पर जीत मिली हैं, जिसमें भाजपा को 255, अपना दल (एस) को 12, और निषाद पार्टी को 6 सीटें मिली हैं।
वहीं, सपा गठबंधन को 125 सीटों पर जीत मिली है। इस दौरान सपा को 111, आरएलडी को 8 और एसबीएसपी को 6 सीट पर कामयाबी मिली है। इसके अलावा कांग्रेस और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक दल को दो-दो, तो बसपा को एक सीट पर जीत मिली है। यही नहीं, सपा गठबंधन ने आजमगढ़, अंबेडकरनगर, कौशांबी, शामली और गाजीपुर में क्लीन स्वीप किया है।












Click it and Unblock the Notifications