सुब्रत रॉय को गिरफ्तार करने लखनऊ पहुंची MP पुलिस लौटी खाली हाथ, 5 मई को पेश होने के लिए कहा
लखनऊ, 21 अप्रैल: सहारा समूह के चेयरमैन सुब्रत रॉय को गिरफ्तार करने के लिए मध्य प्रदेश पुलिस की टीम गुरुवार को लखनऊ पहुंची थी। एमपी पुलिस ने गोमती नगर की पुलिस के साथ दो घंटे सर्च आपरेशन के बाद खाली हाथ लौटना पड़ा। हालांकि सभी के खिलाफ नोटिस चस्पा कर दी गई है। पुलिस ने पांच मई को आरोपितों को एमपी के दतिया थाने में पेश होने के लिए कहा है।
Recommended Video

कोर्ट से जारी एनबीडब्ल्यू के साथ आई थी एमपी पुलिस
एमपी के दतिया जिले की कोतवाली पुलिस गुरुवार को सुब्रत राय सहारा को गिरफ्तार करने के लिए कोर्ट से जारी एनबीडब्ल्यू के साथ आई थी। सहारा प्रमुख और अन्य पर निवेशकों के करोड़ों रुपए हड़पने का आरोप है। इस मामले में एमपी के दतिया थाने में सभी के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 406 व मध्यप्रदेश निक्षेपकों के हित का संरक्षण अधिनियम की धारा 6 (1) में 14 केस दर्ज है।
दो हजार से ज्यादा निवेशकों के करोड़ों रुपए हड़पने का आरोप
एमपी पुलिस सबसे पहले गोमती नगर थाने पहुंची और स्थानीय पुलिस से सहयोग मांगा। इसके बाद स्थानीय पुलिस को लेकर सहारा शहर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। दतिया थाने के इंस्पेक्टर रविंद्र शर्मा ने बताया कि सहारा समूह के प्रमुख समेत आठ लोगों के खिलाफ कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी किया है। आरोप है कि दो हजार से ज्यादा निवेशकों के करोड़ों रुपए सहारा फाइनेंस कंपनी ने हड़प लिए हैं। निवेश की अवधि पूरी हो जाने के बावजूद निवेशकों को उनकी रकम वापस नहीं की गई। निवेशक लंबे समय से सहारा के ऑफिस के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications