दीप प्रकाश दुबे से मां की अपील, कहा- पुलिस के सामने कर दो सरेंडर, नहीं तो पुलिस....
लखनऊ। दुर्दांत अपराधी विकास दुबे के भाई दीप प्रकाश दुबे का पुलिस अभी तक कोई सुराग नहीं लगा सकी है। दीप प्रकाश दुबे के लगातार फरार चलने के कारण पुलिस ने उस पर 20 हजार रुपए का इनाम घोषित कर दिया है। इनाम घोषित होने के बाद मां सरला देवी मीडिया के सामने आई हैं। उन्होंने मीडिया के माध्यम से अपने बेटे दीप प्रकाश से अपील की है कि जहां कहीं भी हो पुलिस के सामने सरेंडर कर दो।

मां सरला देवी ने की यह अपील
दुर्दांत अपराधी विकास दुबे की मां सरला देवी ने अपने दूसरे बेटे दीप प्रकाश दुबे से अपील की है। उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी हो आ जाओ या फोन करो तो जान बच जाएगी। नहीं तो पुलिस सब को मार देगी। क्या बीवी, बच्चे सभी मर जाएंगे तब आओगे? पुलिस के सामने आओ या घर में फोन करो, तुम निर्दोष हो... भागो मत... भागने से नहीं बचोगे। विकास और दीप की मां ने कहा कि पुलिस भी जानती है कि तुम निर्दोष हो। तुमसे सिर्फ पूछताछ करेगी। घर आ जाओ।
'सीएम व पुलिस से की अपील, सुरक्षित लाएं पापा को'
वहीं, दीप प्रकाश के नाबालिग बेटे ने भी अपने पापा से अपील की है। उसने अपनी करते हुए कहा है कि पापा तुम्हारी कोई गलती नहीं है। तुम तो यहीं थे। प्लीज घर आ जाओ। तुम्हारी कोई गलती नहीं है मुख्यमंत्री व पुलिस से मेरी अपील है कि मेरे पापा जहां कहीं भी हों, उन्हें सुरक्षित लाएं। उन्हें कुछ होने नहीं पाए। बेटे ने कहा कि पापा से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है।
2 जुलाई के बाद से फरार है दीप प्रकाश दुबे
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि दुर्दांत अपराधी विकास दुबे का भाई दीप प्रकाश 2 जुलाई को कानपुर देहात के गांव बिकरू में हुए शूटआउट के बाद से फरार है। जिसे पकड़ने के लिए उसके सिर पर 20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस की मानें तो वह लखनऊ में ही कहीं छिपा है। लेकिन लगतार अपनी लोकेशन बदल रहा है। लखनऊ स्थित उसके घर के बाहर पुलिस तैनात कर दी गई है जो हर आने जाने वालों पर नजर रख रही है। साथ ही सर्विलांस की मदद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications