मुजफ्फरनगर राहत शिविरों की हालत भयावह: मायावती

उत्तर प्रदेश में संगठन के कामकाज, सर्वसमाज में पार्टी के जनाधार को और ज्यादा व्यापक व मजबूत बनाने के कार्य की प्रगति एवं आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी का जायजा लेने के लिए बसपा कार्यालय में हुई एक अहम बैठक के बाद मायावती ने एक बयान जारी कर सपा सरकार पर संवेदनहीन होने का आरोप लगाया।
मायावती ने कहा कि सपा सरकार की लापरवाही व निकम्मेपन के कारण एक तरफ लोग अपना घर-बार, जमीन-जायदाद, खेत-खलिहान, कारोबार आदि सब कुछ छोड़कर जहां-तहां शिविरों में अपनी जान बचाने को मजबूर हैं। अब उनके शिविरों पर भी सरकार बुल्डोजर चलाकर इस ठंड के मौसम में उन्हें बेआसरा व बेसहारा करने का घोर अमानवीय काम कर रही है।
मायावती ने कहा कि दंगा करने व तनाव फैलाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं करके पीड़ित लोगों के जख्मों पर उसी प्रकार नमक छिड़कने का काम सपा सरकार कर रही है, जैसा कि गुजरात में भाजपा की सरकार द्वारा मुस्लिम समाज के लोगों के खिलाफ अब तक किया गया।
मायावती ने कहा कि सर्दी के इस मौसम में सपा सरकार द्वारा समुचित राहत आदि मुहैया नहीं कराए जाने के कारण काफी संख्या में छोटे बच्चों की मौत की खबरों से भी हर तरफ चिंता व आक्रोश का महौल है। इस कारण मजबूर होकर न्यायालय, मानवाधिकार व अल्पसंख्यक आयोग आदि लोकतांत्रिक संगठनों को आगे आकर मामले में दखल देना पड़ा है।
मायावती ने अपने बयान में कहा है कि सपा सरकार इस मामले की गंभीरता को देखते हुए संवेदनहीन व्यवहार करने के बजाय, अपनी विफलता पर पर्दा डालने के लिए शरणार्थी परिवार वालों पर अनाप-शनाप आरोप लागाकर व उनके शिविरों पर बुल्डोजर चलाकर घोर अमानवीय काम कर रही है। इसकी जितनी भी निंदा की जाए, कम होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications