मायावती बोलीं- जिद को छोड़कर CAA वापस ले केंद्र सरकार, लोगों से की शांति बनाए रखने की अपील
लखनऊ। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और एनआरसी को लेकर उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हिंसक प्रदर्शन हुआ। विरोध-प्रदर्शन में अकेले उत्तर प्रदेश में 5 लोगों की मौत हुई है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने एक बार फिर लोगों से इस मसले पर शांतिपूर्ण विरोध की अपील की है। मायावती ने शनिवार सुबह ट्वीट कर कहा, अब तो नए सीएए और एनआरसी के विरोध में केंद्र सरकार के एनडीए में भी विरोध के स्वर उठने लगे हैं।
मायावती ने ट्वीट कर केंद्र सरकार से की ये अपील
बसपा अध्यक्ष मायावती ने शनिवार को ट्वीट कर केंद्र की बीजेपी सरकार से नागरिकता संशोधन कानून को वापस लेने की अपील की है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, 'अब तो नए सीएए व एनआरसी के विरोध में केन्द्र सरकार के एनडीए में भी विरोध के स्वर उठने लगे हैं। अतः बीएसपी की मांग है कि वे अपनी ज़िद को छोड़कर इन फैसलों को वापस ले। साथ ही, प्रदर्शनकारियों से भी अपील है कि वे अपना विरोध शान्तिपूर्ण ढंग से ही प्रकट करें।'

बीजेपी का हाल कांग्रेस की तरह होगा
मायावती ने गुरुवार को अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर केंद्र सरकार को सलाह दी थी। उन्होंने लिखा, 'देश व व्यापक जनहित में केन्द्र को चाहिए कि वह नए नागरिकता कानून को वापस लेकर अर्थव्यवस्था की बदहाली, बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी, रूपए की गिरती कीमत आदि की राष्ट्रीय समस्याओं को दूर करने पर ध्यान केन्द्रित करे वरना जनता इनका भी हाल सन 2014 के कांग्रेस जैसा ही करने में देर नहीं करेगा।'

सीएम योगी आदित्यनाथ ने की ये अपील
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से शांति बनाये रखने की अपील की है। साथ ही अफवाहों में न पड़ें और उपद्रवी तत्वों के उकसावे में भी न आएं। उन्होंने पुलिस प्रशासन को नागरिकता कानून पर अफवाह फैलाकर लोगों को गुमराह करने और हिंसा फैलाने वाले तत्वों को ढूंढ निकालने के निर्देश दिए हैं। उन्हेंने कहा, 'जहां भी सार्वजनिक संपत्ति को उपद्रवियों ने क्षति पहुंचायी है, उस संपत्ति की भरपाई, वीडियो फुटेज तथा अन्य पुष्ट प्रमाणों के आधार पर चिन्हित किए जा रहे उपद्रवियों की संपत्तियों को जब्त करके की जाए।'












Click it and Unblock the Notifications