Lucknow: पीडब्ल्यूडी ऑफिस के कमरे में पड़ा मिला क्लर्क विपिन का शव, पत्नी ने जताई यह आशंका
लखनऊ, 04 अगस्त: खबर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से है। यहां लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) कार्यालय में तैनात क्लर्क का शव बुधवार देर रात संदिग्ध परिस्थियों में ऑफिस के अंदर ही पड़ा मिला। पीडब्ल्यूडी विभाग में बाबू के पद पर तैनात विपिन सिंह का शव मिलने के बाद हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

वहीं, विपिन सिंह की पत्नी ने दो साथी कर्मचारियों पर हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस कमरे में विपिन सिंह का शव मिला है, उसमें शराब की बोतलें मिलने की बात भी सामने आई है। यह वारदात हजरतगंज स्थित लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मुख्यालय की है। बता दें कि विपिन सिंह रोज की तरह बुधवार को ऑफिस पहुंचे थे।
विपिन जब देर रात तक अपने घर नहीं पहुंचे तो पत्नी साधना और अन्य लोगों ने खोजबीन शुरू की। विपिन की पत्नी साधना की मानें तो फोन उन्होंने विपिन के ऑफिस के साथियों से संपर्क किया तो पता चला कि विपिन बेहोश पड़े हैं। लेकिन जब परिजन पीडब्ल्यूडी के मुख्यालय पहुंचे तो उनकी (विपिन) मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने विपिन सिंह के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हजरतगंज इंस्पेक्टर अखिलेश मिश्र के मुताबिक, पीडब्ल्यूडी में तैनात क्लर्क विपिन सिंह का बुधवार रात शव मिला है। फॉरेंसिक टीम के साथ मौके से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में हार्ट-अटैक से मौत की बात सामने आ रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गश खाकर गिर गया था विपिन..फिर नहीं उठा
पुलिस के मुताबिक, विपिन सिंह के साथ काम करने वाले उसके दो साथियों ने बताया कि रात को काम खत्म करके घर के लिए निकल रहे थे। तभी विपिन अचानक गश खाकर जमीन पर गिर गया। हम लोगों कुछ समझ पाते, इससे पहले ही उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद ऑफिस के सुरक्षा गार्ड, परिजनों और पुलिस को सूचना दी।












Click it and Unblock the Notifications