Nida Khan : तीन तलाक के बाद ससुर पर लगाए थे गंभीर आरोप, जानिए कौन हैं निदा खान, जिन्होंने थामा BJP का दामन
लखनऊ, 30 जनवरी: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले मौलाना तौकीर रजा खान की बहू निदा खान ने बीजेपी का दामन थाम लिया है। भाजपा में शामिल होने के बाद निदा खान ने कहा, ''बीजेपी ने तीन तलाक जैसे मामलों पर काम किया, वो सराहनीय है। मेरे ससुर चाहे जो कहें ये मेरा व्यक्तिगत फैसला है। मुस्लिम महिलाएं निश्चित तौर पर भाजपा का समर्थन करेंगी।''
Recommended Video

कौन हैं निदा खान ?
निदा खान लंबे समय से तीन तलाक की लड़ाई लड़ रही हैं। निदा खान बरेली शरीफ के मौलाना तौकीर रजा की बहू हैं। तौकीर रजा हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए हैं। निदा खान कांग्रेस नेता और अपने ससुर तौकीर रजा खान पर गंभीर आरोप लगाकर चर्चा में आई थीं।

शीरान रजा खान से हुआ था निदा का निकाह, साल भर में हो गया था तलाक
निदा खान का विवाह आला हजरत खानदान के मौलाना उस्मान रजा खां उर्फ अंजुम मियां के पुत्र शीरान रजा खां के साथ हुआ था। मौलाना उस्मान आईएमसी मुखिया मौलाना तौकीर रजा खान के बड़े भाई हैं। इस रिश्ते से निदा खान मौलाना तौकीर रजा की भी बहू होती थीं। निदा का शीरान खान से लगभग साल भर में ही तलाक हो गया। मामला तीन तलाक का बना, इसके लिए निदा खान ने लंबी लड़ाई लड़ी। उनका मामला आज भी कोर्च में विचाराधीन है।

कब चर्चा में आईं निदा खान
निदा खान उस वक्त चर्चा में आ गई थीं, जब उन्होंने मौलाना तौकीर रजा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा था कि जो आदमी अपने घर के मामलों को अभी तक नहीं निपटा पाया, वो समाज के लिए क्या कर पाएगा, वो खुद को प्रियंका वाड्रा का बड़ा भाई बताकर साथ में खड़े रहने की बात करते हैं, मैंने उनके बड़े-बड़े दावे सुने, मुझे ये समझ नहीं आया कि जब मैं उनके घर की बहू बनी और मेरे साथ नाइंसाफी हुई तो मेरे साथ आज तक इंसाफ क्यों नहीं हुआ?

'मौलाना की ये सब ढकोसले बाजी है'
निदा खान ने मौलाना तौकीर रजा पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा था कि मौलाना की यह सब ढकोसले बाजी है, उन्होंने कभी महिलाओं का सम्मान नहीं किया हैं। तीन तलाक, जिसकी वजह से उनको कोर्ट के धक्के खाने पड़े। शिकायत करने के बाद भी कभी साथ नहीं दिया। निदा ने कहा था कि मौलाना हमेशा महिलाओं के मान-सम्मान को कुचलने के लिए फतवे जारी करते रहे और अब वो कांग्रेस का समर्थन कर रहे हैं, वह भी 'लड़की हूं लड़ सकती हूं', महिलाओं के सम्मान की बात करते हुए यह सब उनका कांग्रेस को जिताने के लिए पड़यंत्र है।












Click it and Unblock the Notifications