आशीष को जमानत मिलने पर जयंत ने कसा CM योगी पर तंज, बोले- सुप्रीम कोर्ट क्यों नहीं गई यूपी सरकार
आशीष को जमानत मिलने पर जयंत ने कसा CM योगी पर तंज, बोले- सुप्रीम कोर्ट क्यों नहीं गई यूपी सरकार
लखनऊ, 22 फरवरी: राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने लखीमपुर खीरी कांड के मुख्य आरोपी आशीष मिश्रा को जमानत मिलने के बाद प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार को आड़े हाथ लिया। इतना ही नहीं, जयंत चौधरी ने ट्वीट करते हुए भाजपा सरकार पर किसान विरोधी होने का आरोप भी लगाया है। साथ ही कहा कि इसके पास कोई योजना नहीं है सिर्फ गोबर है।

बता दें, लखीमपुर खीरी कांड के मुख्य आरोपी और केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे आशीष मिश्रा को हाई कोर्ट ने जमानत दे दी है। आशीष मिश्रा को जमानत मिलने और जेल से रिहाई के बाद आरएलडी अध्यक्ष जयंत चौधरी ने ट्वीट किया है। जयंत ने लिखा,
योगी जी को बताना चाहिए, वो आशीष मिश्रा टेनी के बेल होने से इतने प्रसन्न क्यों हुए? उत्तर प्रदेश सरकार ने इलाहाबाद हाई कोर्ट के निर्णय के विरुद्ध सर्वोच्च न्यायालय में पुनर्विचार याचिका क्यों प्रस्तुत नहीं करी?
बात साफ़ है: भाजपा सरकार = किसान विरोधी!!
आपको बता दें, उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब किसानों के परिवार आशीष मिश्रा की रिहाई के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंच गए हैं। आशीष मिश्रा की जमानत के विरोध में पीड़ित किसानों के परिवारों ने अधिवक्ता प्रशांत भूषण के माध्यम से सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की है। याचिका में कहा गया है कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने तमाम सबूतों और गवाहों के होने के बाद भी मंत्री के बेटे को जमानत दे दी, इसलिए ये पीड़ित परिवारों के साथ नाइंसाफी है।
3 अक्टूबर को हुई थी घटना
साल 2021 में 3 अक्टूबर को, आशीष मिश्रा कथित रूप से एक एसयूवी चला रहे थे, जो लखीमपुर खीरी में तीन (निरस्त) कृषि कानूनों के खिलाफ एक विरोध मार्च के दौरान चार किसानों और एक पत्रकार को कुचल गई थी। सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के कुछ दिनों बाद ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। किसानों को कार से टकराते हुए दिखाने वाले वीडियो व्यापक रूप से प्रसारित हुए, जिससे भाजपा, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी सरकार, और पीएम मोदी की भी तीखी आलोचना हुई थी। उस दिन हुई हिंसा में मारे गए भाजपा के दो कार्यकर्ताओं सहित आठ लोग मारे गए थे।












Click it and Unblock the Notifications