यूपी चुनाव से पहले बसपा को बड़ा झटका, पूर्व MP और मायावती के करीबी BSP नेता वीर सिंह सपा में शामिल
लखनऊ, 03 अक्टूबर: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बीएसपी को बड़ा झटका लगा है। बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कई प्रदेशों के प्रभारी एवं पूर्व राज्यसभा सांसद वीर सिंह ने रविवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सदस्य ग्रहण कर ली है। इस मौके पर राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव भी मौजूद रहे। बता दें, बीएसपी से लगातार बड़े नेताओं का पलायन जारी है। हाल ही में मायावती ने पार्टी के बड़े नेताओं में शामिल रहे लालजी वर्मा और राम अचल राजभर को पद से हटा दिया था, जिसके बाद दोनों नेताओं ने अखिलेश यादव से मुलाकात की थी।

फिरोजाबाद के पूर्व विधायक अजीम भाई भी सपा में शामिल
समाजवादी पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से फोटो शेयर कर जानकारी दी गई कि बसपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव वीर सिंह एडवोकेट आज समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। वीर सिंह के अलावा फिरोजाबाद के पूर्व विधायक अजीम भाई भी सपा में शामिल हो गए हैं।
माया के करीबियों में शामिल थे वीर सिंह
मुरादाबाद निवासी सांसद रहे वीर सिंह लंबे समय से बसपा से जुड़े और बसपा मुखिया मायावती के काफी नजदीकी लोगों में गिने जाते रहे हैं। बताया जाता है कि पूर्व सांसद वीर सिंह की किसी वक्त में तूती बोलती थी। वीर सिंह काफी प्रभावशाली नेता माने जाते हैं मुरादाबाद मंडल समेत प्रदेश स्तर पर भी वीर सिंह की बसपा के वरिष्ठ नेता के रूप में एक पहचान थी।
इससे पहले राम अचल राजभर, लालजी वर्मा ने की थी अखिलेश से मुलाकात
वीर सिंह के जाने से बसपा को मंडल में झटका लगा है इसका आगामी चुनाव में भी असर महसूस होगा। मुरादाबाद मंडल में अभी कुछ और उलट फेर होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि इससे पहले बीएसपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राम अचल राजभर, और मायावती के खास लाल जी वर्मा ने भी अखिलेश से मुलाकात की थी। ऐसा माना जा रहा है कि दोनो जल्द ही सपा में शामिल हो सकते हैं।
सुखदेव राजभर का अखिलेश ने पूछा था हाल
समाजवादी पार्टी के चीफ अखिलेश यादव ने कुछ दिनों पहले ही बसपा के पुराने नेता और मायावती के खास सुखदेव राजभर से भी मुलाकात की थी। हालाकि तब अखिलेश ने कहा था कि वो सिर्फ सुखदेव राजभर का हाल चाल लेने आए थे। इस दौरान सुखदेव राजभर ने अपने बेटे अखिलेश राजभर को कहा था की वो अखिलेश यादव के साथ मिलकर भविष्य की राजनीति करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications