कोरोना पॉजिटिव यूपी के डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती
लखनऊ, अप्रैल 27: उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस का प्रकोप लगातार जारी है। कोरोना पॉजिटिव डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा भी मंगलवार को अस्पताल में भर्ती हो गए हैं। इस बात की जानकारी उन्होंने ट्वीट कर दी है। हाल ही में डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा और उनकी पत्नी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। डिप्टी सीएम ने ट्वीट कर लिखा, 'विगत दिनों मेरी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव होने के उपरांत डॉक्टरों की निगरानी में घर पर ही आइसोलेट था, बेहतर चिकित्सकीय आवश्यकताओं हेतु मुझे अस्पताल में भर्ती होना पड़ रहा है।' दिनेश शर्मा ने ट्वीट में कहा, 'मुझे विश्वास है की आप सभी की शुभकामनाओं से प्रदेश में शीघ्र माननीय मुख्यमंत्री @myogiadityanath जी के सबल नेतृत्व में कोरोना के खिलाफ जंग जीता जा सकेगा और ईश्वर की अनुकम्पा से मैं स्वस्थ होकर पुनः दोगुनी ऊर्जा से सम्पूर्ण प्रदेशवासियों की सेवा में तत्पर हो सकूंगा।'

यूपी के डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा और उनकी पत्नी डॉ. जयलक्ष्मी शर्मा की रिपोर्ट बीती 21 अप्रैल को पॉजिटिव आई थी। इसके बाद दोनों लोग होम आइसोलेसन में थे। लेकिन 25 अप्रैल को उन्हें एसजीपीजीआई लखनऊ के कोविड अस्पताल में भर्ती किया गया था। दिनेश शर्मा ने खुद ट्वीट करके कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था, 'मेरा व मेरी पत्नी के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है! हम अपने आपको होम आइसोलेशन में करके चिकित्सकों के परामर्श का पूर्णतः पालन कर रहे हैं! मेरा आग्रह है कि पिछले कुछ दिनों में जो लोग मेरे संपर्क में आए हैं, वो भी जांच करा लें व कोविड गाइडलाइन्स का अक्षरशः अनुपालन करें।'
उत्तर प्रदेश अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हर जिला मजिस्ट्रेट को आदेश दिया है कि कोरोना मरीजों के लिए भी सेक्टर मजिस्ट्रेट की प्रणाली लागू की जाए। हर सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने क्षेत्र में देखता रहे कि अगर किसी मरीज को अस्पताल की आवश्यकता है तो उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन के अभियान के लिए 1 करोड़ से ज्यादा डोज का आदेश निर्गत किया गया है और प्रयास किया जा रहा है कि समय पर डोज उपलब्ध कराई जाएं।












Click it and Unblock the Notifications