स्वामी प्रसाद मौर्य की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, कोर्ट ने जारी किया गिरफ्तारी वारंट, जानिए क्यों?
लखनऊ, 12 जनवरी: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले यूपी की योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री पद से इस्तीफा देने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। मौर्य के खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट जारी हो गया है। सुल्तानपुर में एमपीएमलए कोर्ट के दंडाधिकारी योगेश यादव ने स्वामी प्रसाद मौर्य को आगामी 24 जनवरी को पेश होने का आदेश दिया है। बता दें, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य पर पिछले सात साल से धार्मिक भावना भड़काने का मुकदमा चल रहा है। उन्होंने बहुजन समाज पार्टी में रहते हुए देवी-देवताओं का पूजन न करने का विवादित बयान दिया था, जिसके बाद स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

बसपा में रहते हुए देवी-देवताओं पर की थी आपत्तिजनक टिप्पणी
मामला 2014 का है। उस वक्त स्वामी प्रसाद मौर्य बसपा में थे और देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस मामले में बुधवार को पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य को कोर्ट में पेश होना था, लेकिन वह नहीं पहुंचे तो अपर मुख्य दंडाधिकारी एमपी-एमएलए ने आरोपित पूर्व श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट को जारी करने का आदेश दिया है। अब इस मामले में 24 जनवरी को सुनवाई की तारीख तय की गई हे।
पहले से जारी गिरफ्तारी वारंट पर मौर्य ने ले रखा था स्टे
बता दें, स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ यह गिरफ्तारी वारंट पहले से जारी थी। लेकिन, मौर्य ने हाईकोर्ट से 2016 से इस पर स्टे ले रखा था। इसी 6 जनवरी को एमपीएमएलए कोर्ट ने मौर्य को 12 जनवरी को हाजिर होने को कहा था, जब वह हाजिर नहीं हुए तो वारंट पूर्ववत जारी कर दिया गया।
Recommended Video
स्वामी प्रसाद मौर्य ने बीजेपी से दिया इस्तीफा, सपा में होंगे शामिल
बता दें, स्वामी प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पिछड़ों, दलितों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए बीजेपी का साथ छोड़ा है। मौर्य ने कहा कि 14 जनवरी को वह अंतिम धमाका करेंगे जो वर्तमान सरकार (बीजेपी सरकार) के ताबूत में आखिरी कील जैसा होगा। मौर्य ने कहा कि मकर सक्रांति यानी 14 जनवरी को वो अपने समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी ज्वॉइन करेंगे। कितने लोग आपके साथ रहेंगे के सवाल पर मौर्य ने कहा कि 14 जनवरी को आपको पता चलेगा और जो भी मेरे साथ पार्टी में शामिल होंगे उनके चेहरे आपके सामने आ जाएंगे। जो भी निर्णय होगा वो बीजेपी सरकार के ताबूत में आखिरी कील होगा।












Click it and Unblock the Notifications