यूपी में 657 लोग हुए कोरोना पॉजिटिव, अब तक 8 मरीज तोड़ चुके हैं दम
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 107 नए केस सामने आए हैं। प्रमुख सचिव, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अमित मोहन प्रसाद ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश में अब तक 657 कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं, इनमें से 49 लोग ठीक हो चुके हैं। इन 49 लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। वहीं, प्रदेश में अब तक आठ लोग कोरोना वायरस के संक्रमण से दम तोड़ चुके हैं।

उत्तर प्रदेश में आठवीं मौत कानपुर में हुई। जिले में कोरोना से यह पहली मौत है। हैलट अस्पताल के कोविड-19 आईसीयू में भर्ती युवक की सोमवार शाम मौत हो गई थी। मंगलवार को लखनऊ से आई रिपोर्ट में युवक में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इस बात का खुलासा हैलट के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक प्रो.आरके मौर्या ने किया है। उन्होंने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार सुबह एसजीपीजीआई ने युवक के कोरोना सैम्पल की रिपोर्ट दी है, वो पॉजिटिव आई है।
3 मई तक के लिए बढ़ा लॉकडाउन
कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19 दिनों के लिए लॉकडाउन का आगे बढ़ा दिया है। देश में अब 3 मई तक के लिए लॉकडाउन जारी रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में कहा कि देशवासियों ने परेशानी सहकर कोरोना वायरस के खतरे को काफी हद तक टाला है। पीएम मोदी ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान कुछ छूट दी जाएंगी, लेकिन अगर कोरोना वायरस ने किसी भी क्षेत्र में कदम रखा तो दी गई छूट तुरंत वापस ले ली जाएगी। इस दौरान पीएम मोदी ने देशवासियों से सात बातों के लिए उनसे उनका सहयोग भी मांगा।












Click it and Unblock the Notifications