यूपी में कोरोना से अब तक 10,159 लोगों की मौत, सीएम योगी ने लॉकडाउन न लगाने की बताई ये वजह
लखनऊ, अप्रैल 20: उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस लगातार बढ़ता जा रहा है। इस वायरस से प्रदेश में अब तक कुल 10 हजार से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। उत्तर प्रदेश अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने मंगलवार को बताया कि प्रदेश में कोरोना के 2,23,544 सक्रिय मामले हैं। संक्रमण से कुल 10,159 लोगों की मृत्यु हुई है। उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में लॉकडाउन न लगाने की वजह बताई। सीएम ने मंगलवार को ट्वीट करते हुए कहा, 'प्रत्येक प्रदेशवासी के जीवन और जीविका की सुरक्षा के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। लॉकडाउन के कारण किसी के भी सामने आजीविका का संकट उत्पन्न न हो इसीलिए वर्तमान परिस्थितियों के आधार पर हमने 'कोरोना कर्फ्यू' को पूरी सख्ती से लागू करने का निर्णय लिया है। आप सभी का सहयोग अपेक्षित है।'

शुक्रवार रात आठ बजे से सोमवार सुबह 7 बजे तक साप्ताहिक बंदी
उत्तर प्रदेश अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने बताया कि प्रत्येक शुक्रवार रात 8 बजे से सोमवार सुबह 7 बजे तक पूरे प्रदेश में साप्ताहिक बंदी रहेगी। इस दौरान पूरे प्रदेश में सैनिटाइजेशन, स्वच्छता और सफाई का कार्य किया जाएगा। प्रत्येक जनपद में रात 8 बजे से सुबह 7 बजे तक रात्रि कर्फ्यू रहेगा। आवश्यक सेवाओं और सामान्य औद्योगिक गतिविधियों को छोड़कर सभी गतिविधियां बाधित रहेंगी। उत्तर प्रदेश अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने बताया कि शुक्रवार रात से सोमवार सुबह तक कोरोना कर्फ्यू लागू रहेगा, इसका सख्ती से पालन किया जाएगा। हर जनपद में रात्रि कर्फ्यू लागू करने का आदेश मुख्यमंत्री द्वारा दिया गया है। बता दें, कल प्रदेश में 2,00,137 सैंपल की जांच की गई, जिसमें से 90,000 से ज्यादा सैंपल की जांच आरटीपीसीआर के जरिए की गई है। प्रदेश में कोरोना वायरस वैक्सीन की पहली डोज अब तक 92,44,878 लोगों को दी जा चुकी है। वैक्सीन की दूसरी डोज अब तक 16,89,688 लोगों को लगाई जा चुकी है।
बहुत आवश्यकता हो, तभी घर से बाहर निकलें: सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण हेतु यूपी सरकार लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। सभी जिलों में कोविड डेडिकेटेड अस्पतालों में बढ़ोत्तरी, आइसोलेशन व आईसीयू बेड, ऑक्सीजन, वेंटिलेटर सहित सभी चिकित्सकीय जरूरतों की उपलब्धता के साथ ही अतिरिक्त चिकित्सकों/पैरा मेडिकल स्टाफ की भी तैनाती की जा रही है।' मुख्यमंत्री ने कहा, 'इस वैश्विक महामारी के विरुद्ध संयम एवं धैर्य हमारा सबसे बड़ा हथियार है। रात्रि 08 बजे से प्रातः 07 बजे तक प्रदेशव्यापी 'कोरोना कर्फ्यू' प्रभावी है। इसे सफल बनाने में प्रत्येक प्रदेशवासी अपनी सहभागिता सुनिश्चित करे। बहुत आवश्यकता हो, तभी घर से बाहर निकलें।'












Click it and Unblock the Notifications